Coca Cola Formula: कोका कोला के सीक्रेट फॉर्मूले पर चीन की नजर, जानें क्या है विवाद
अभी हाल ही में चीनी मूल की एक महिला को कोका कोला के सीक्रेट फॉर्मूले में सेंधमारी की कोशिश के आरोप में सजा दी गयी है।

Coca Cola Formula: अमेरिका ने मिशिगन की 59 वर्षीय चीनी मूल की एक महिला शियाओरॉन्ग 'शैनन' को चीनियों को फायदा पहुंचाने के लिए कई मिलियन डॉलर के व्यापारिक रहस्य चुराने के आरोप में 14 साल की सजा सुनाई है। अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार शैनन के खिलाफ कोका कोला कंपनी के पेय पदार्थ बनाने के फॉर्मूले की चोरी करने सहित आर्थिक जासूसी करने की साजिश और धोखाधड़ी का मामला पाया गया था।
शैनन, कोका कोला कंपनी में केमिकल इंजीनियर थी। खबरों के मुताबिक वह कोका कोला के फॉर्मूले की जासूसी कर रही थी और लगातार चीन में किसी के संपर्क में थी। अब सवाल यह उठता है कि आखिर कोका कोला के टेस्ट का वह सीक्रेट फॉर्मूला क्या है, जिसकी बदौलत कंपनी दुनियाभर के पेय पदार्थों में टॉप मानी जाती है।
पूरी दुनिया में 1.9 बिलियन की खपत
कोका कोला कंपनी की वेबसाइट के मुताबिक दुनियाभर में हरदिन उसकी 1.9 बिलियन सर्विंग (बोतल, केन, कप आदि) बिकती हैं। जबकि उत्पादन क्षमता एक दिन में लगभग 1.7 बिलियन बोतलों की हैं। विश्व में जितने भी पेय पदार्थ हैं, उनमें 3.1 प्रतिशत इस कंपनी के ही उत्पाद बाजार में उपलब्ध रहते हैं। ऐसा कहा जाता है कि कंपनी ने अपना व्यापार एक खास फार्मूले के दम पर फैलाया है। लेकिन यह फॉर्मूला क्या है, यह एक रहस्य है।
क्या है कोका कोला का इतिहास?
कोका कोला कंपनी की वेबसाइट के मुताबिक इस पेय को साल 1886 में फार्मासिस्ट डॉ. जॉन पेम्बर्टन ने तैयार किया था। उन्होंने इसे एक सीरप के तौर पर तैयार किया और अपनी फार्मेसी के बाहर लोगों को पीने के लिये देते थे। लोगों को इसका स्वाद पसंद आने लगा। इसी दौरान उनके साथी फ्रैंक रॉबिनसन ने इसका नाम कोका-कोला रखा।
जॉन पेम्बर्टन को भी यह नाम पसंद आ गया और धीरे-धीरे व्यापार चल निकला। फिर 1888 में अपने निधन से ठीक पहले, उन्होंने कोका-कोला में अपने शेयर्स अटलांटा के बड़े बिजनेसमैन असा ग्रीग्स कैंडलर को बेच दिये। गौरतलब है कि डॉ. जॉन पेम्बर्टन ने कोका कोला ड्रिंक के फार्मूले को मौखिक रूप से अपने खास लोगों को बताया था। इसका कोई लिखित दस्तावेज नहीं था।
फॉर्मूला रहस्य अथवा मिथक?
इसके बाद साल 1919 में अर्नेस्ट वुडरफ और निवेशकों के एक समूह ने कैंडलर से इस कंपनी को खरीद लिया। फिर अर्नेस्ट वुडरफ ने ही कैंडलर के बेटे को कोका कोला का फॉर्मूला लिखने को कहा, जिसके स्वाद की दुनिया दिवानी हो रही थी। इसके पीछे का कारण था कि अर्नेस्ट वुडरफ को कंपनी को खरीदने के लिए बैंक से लोन लेना था। बैंक ने उन्हें अपनी संपत्ति गिरवी रखने को कहा तो उन्होंने इस फॉर्मूले को ही बैंक के पास रखवा दिया। फिर 1925 में इस फॉर्मूले की एक कॉपी को बैंक से बाहर निकाला गया।
एक दावा यह किया जाता है कि फिलहाल दो लोगों को कोका कोला के असली फार्मूले की जानकारी है। लेकिन, वे दो लोग भी कौन है, यह भी एक रहस्य है। दूसरा दावा यह किया जाता है कि फॉर्मूला कंपनी के अटलांटा हेडक्वार्टर स्थित एक तिजोरी में बंद है। हालांकि, फॉर्मूले को लेकर बीच-बीच में विवाद होता रहा है कि यह बाजार में लीक हो गया है।
कोला कोला म्यूजियम के सीक्रेट वॉल्ट में है फॉर्मूला
मई 2011 में कंपनी की 125वीं सालगिरह पर कोका कोला के फार्मूले को बैंक के लॉकर से निकाला गया था। यहां से निकालकर इसे कंपनी द्वारा बनाये एक हाईटेक सीक्रेट वॉल्ट में रखा गया था। यह सीक्रेट वॉल्ट, वर्ल्ड ऑफ कोका कोला म्यूजियम, अटलांटा में ही है। बड़ी बात यह है कि आम जनता इस म्यूजियम में जा सकती है और उस वॉल्ट को भी दूर से देख सकती है।
फॉर्मूला क्यों करवाया पेटेंट?
एक सवाल यह भी सामने आता है कि आखिर कंपनी अपने फॉर्मूले को पेटेंट क्यों नहीं करवाती? इसका कारण है कि पेटेंट नियमों के मुताबिक हर 20 साल बाद पेटेंट की रेसिपी की जानकारी को सार्वजनिक करना पड़ता है। इस तरह से यह फार्मूला सबके सामने आ जाएगा। इसलिए अटलांटा से बाहर कंपनी के जितने भी प्लांट है वहां कोक बनाने का फॉर्मूला कंपनी के हेडऑफिस से ही आता है।












Click it and Unblock the Notifications