#BJPFoundationDay: भारत के 21 राज्यों का रंग है भगवा, जानते हैं भाजपा का इतिहास
नई दिल्ली। केंद्र के अलावा 21 राज्यों में सत्ता पर काबिज भारतीय जनता पार्टी आज अपना 39वां स्थापना दिवस मना रही है। बीजेपी अपने इस स्थापना दिवस को लेकर काफी उत्साहित है।
चलिए देश को भगवा रंग में रंगने वाली इस पार्टी के बारे में जानते हैं कुछ खास बातें और डालते हैं दल के इतिहास पर एक नजर....
इतिहास
1977 में इमरजेंसी के दौरान भारतीय जनसंघ और दूसरे राजनीतिक दलों ने महागठबंधन किया और जनता पार्टी का जन्म हुआ था। जनता पार्टी ने तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की नीतियों के खिलाफ चुनाव लड़ा और पार्टी को बड़ी जीत दिलाई थी लेकिन पार्टी के अंदर ही कलह पैदा हो गया और पार्टी में बिखराव हो गया और जनसंघ जनता पार्टी से अलग हो गई और इसके बाद 6 अप्रैल 1980 को भारतीय जनता पार्टी के नाम से नई पार्टी का गठन हुआ। देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी पार्टी के पहले अध्यक्ष थे।

1996 में पार्टी भारतीय संसद में सबसे बड़े दल के रूप में उभरी
1984 में आम चुनावों में केवल दो लोकसभा सीटें जीतने में सफल रही। लेकिन 1996 में पार्टी भारतीय संसद में सबसे बड़े दल के रूप में उभरी और इसने सरकार बनाई जो कि मात्र 13 दिन चली। इसके बाद फिर से 1998 के आम चुनावों के बाद भाजपा के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का निर्माण हुआ और अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में सरकार बनी जो एक वर्ष तक चली।

पूर्ण कार्यकाल करने वाली पहली गैर कांग्रेसी सरकार
इसके बाद आम-चुनावों में राजग को पुनः पूर्ण बहुमत मिला और अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में सरकार ने अपना कार्यकाल पूर्ण किया। इस प्रकार पूर्ण कार्यकाल करने वाली पहली गैर कांग्रेसी सरकार बनी।

साल 2014 में भाजपा ने इतिहास रचा
लेकिन 2004 के आम चुनाव में भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ा लेकिन 2014 के आम चुनावों में राजग को गुजरात के लम्बे समय से चले आ रहे मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारी जीत मिली और वो पीएम पद पर आसीन हुए हैं। भाजपा ने जिस तरह का प्रदर्शन लोकसभा चुनावों में किया था वो ऐतिहासिक था।

भाजपा 'एकात्म मानववाद' पर भरोसा करती है
भाजपा 'एकात्म मानववाद' पर भरोसा करती है, पार्टी को ये नारा 1965 में ही दीनदयाल उपाध्याय से मिला था, जब कि तब पार्टी का अस्तित्व ही नहीं था लेकिन इस विचारधारा के ही दम पर भाजपा का गठन हुआ था।

ये है पार्टी का करियर ग्राफ
- 1984 चुनाव - 2 सीटें
- 1989 चुनाव - 85 सीटें
- 1991 चुनाव - 120 सीटें
- 1996 चुनाव - 161 सीटें
- 1998 चुनाव - 182 सीटें
- 1999 चुनाव - 182 सीटें
- 2004 चुनाव - 138 सीटें
- 2009 चुनाव - 116 सीटें
- 2014 चुनाव - 282 सीटें












Click it and Unblock the Notifications