प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने पति को कुल्हाड़ी से काटा, फिर पुलिस को किया फोन और बोली...
फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद महिला ने पुलिस को फोन किया और घटना की जानकारी दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रतीक्षा और उसके प्रेमी संग्राम को गिरफ्तार कर लिया। प्रतीक्षा ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह रोज-रोज की टोका-टाकी से परेशान थी। इसलिए उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति यशवंत की हत्या कर दी।

प्रतीक्षा से मिलने आता था संग्राम
मामला फतेहपुर जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव का है। यशवंत सिंह ने पहली पत्नी की मौत हो जाने के बाद सदर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली प्रतीक्षा से विवाह किया था। प्रतीक्षा से यशवंत को पांच साल का एक बेटा है। पत्नी और बेटे के साथ यशवंत अपने गांव में रहता था। बताया जाता है कि प्रतीक्षा का शादी के पहले से संग्राम सिंह नाम के युवक से प्रेम संबंध चल रहा था। संग्राम अपनी प्रेमिका से मिलने अक्सर उसके पति की गैर-मौजूदगी में उसके घर आता-जाता रहता था।

रोज-रोज की टोका-टाकी से थी परेशान
प्रतीक्षा के उसके प्रेमी संग्राम सिंह के साथ रिश्ते का यशवंत लगातार विरोध करता था। रोज-रोज की टोका-टाकी से परेशान होकर प्रतीक्षा ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति यशवंत की हत्या की साजिश रच डाली। प्रतीक्षा ने पुलिस को बताया कि यशवंत को खाने में उसने जहर खिलाकर बेहोश कर दिया फिर अपने प्रेमी संग्राम को फोन कर अपने घर बुला लिया। प्रतीक्षा और संग्राम ने मिलकर यशवंत की कुल्हाड़ी से काटकर निर्ममतापूर्वक हत्या कर दी।

प्रतीक्षा ने पुलिस को किया फोन
यशवंत की हत्या के बाद प्रतीक्षा ने खुद अपने मोबाइल से पुलिस को फोन मिलाया और अज्ञात लोगों द्वारा अपनी पति की हत्या किए जाने की जानकारी दी। प्रतीक्षा की सूचना पर पुलिस जब उसके घर पहुंची तो वो किचन में बर्तन धो रही थी। पुलिस प्रतीक्षा को पूछताछ के लिए थाने ले आई। पुलिस ने जब उससे कड़ाई से पूछताछ की तो प्रतीक्षा ने हत्या का राज उजागर कर दिया। इसके बाद पुलिस ने उसके प्रेमी संग्राम सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया। वहीं, सीओ नगर कपिल देव मिश्रा ने बताया कि मृतक के बड़े भाई रविन्द्र की तहरीर पर प्रतीक्षा और संग्राम के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तार उन्हें जेल भेजा जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications