VIDEO: पांच किलो राशन दे देने से क्या जिंदगी कट जाएगी? भाजपा प्रत्याशी नहीं दे सके महिला के तीखे सवाल का जवाब
फतेहपुर, 12 फरवरी। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जीत का दावा कर रही सत्ताधारी भाजपा के प्रत्याशी वोट मांगने के लिए जनता के बीच जा रहे हैं जहां उनको लोगों के रोष का सामना भी करना पड़ रहा है। योगी सरकार और भाजपा के नेता लगातार इस बात को दोहराते रहे हैं कि प्रदेश में गरीब जनता को मुफ्त अनाज दिया जा रहा है। लेकिन इसी मुद्दे पर योगी सरकार में जेल राज्यमंत्री और फतेहपुर क्षेत्र की बिंदकी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे जय कुमार जैकी को जनसंपर्क के दौरान एक महिला ने अपने सवालों से घेर लिया। जब महिला सवाल कर रही थी तो मंत्री को कुछ कहते नहीं बन रहा था। महिला ने जय कुमार जैकी के सामने पूछा कि पांच किलो राशन दे देने से क्या जिंदगी कट जाएगी मेरी?
Recommended Video

भाजपा गठबंधन में शामिल अपना दल (एस) के टिकट पर कारागार राज्यमंत्री जय कुमार जैकी बिंदकी विधानसभा सीट से भाग्य आजमा रहे हैं। मतदाताओं से जनसंपर्क के दौरान उनको एक महिला के सवालों का सामना करना पड़ा। दरअसल भाजपा प्रत्याशी जय कुमार जैकी के साथ चल रहे कार्यकर्ता योगी सरकार की उपलब्धियों को बारे में लोगों को बता रहे थे। इसी दौरान यह भी कहा कि योगी सरकार लोगों को फ्री राशन दे रही है। इस पर एक महिला ने सीधे साफ लहजे में सवाल पूछ लिया कि अगर पांच किलो राशन दे दिया तो उससे क्या होता है? पांच किलो में क्या जिंदगी कट जाएगी मेरी? महिला के सवालों को सुनकर भाजपा प्रत्याशी कुछ कह नहीं पाए, बस मुस्कुराते रहे। वहीं कार्यकर्ता ने महिला से कहा कि वोट दो, सबकुछ होगा। इसके बाद प्रत्याशी जय कुमार जैकी ने कहा कि आगे चलते हैं। सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल हो गया।
भाजपा प्रत्याशी जय कुमार जैकी 2017 के विधानसभा चुनाव में अपना दल (एस) के टिकट पर जहानाबाद सीट से जीतकर विधायक बने थे और उनको योगी सरकार में मंत्री बनाया गया था। 2017 में बिंदकी सीट से जीतकर विधायक बने करन सिंह पटेल का टिकट भाजपा ने काट दिया। करन सिंह पटेल को दिल का दौरा भी पड़ा था जिसके बारे में कहा गया कि टिकट कटने को लेकर वे तनाव में थे।












Click it and Unblock the Notifications