फर्रुखाबाद: जमीन के लिए बेटे ने गला घोंटकर की मां की हत्या, पुलिस ने किया गिरफ्तार
फर्रुखाबाद। यूपी के फर्रुखाबाद में कलयुगी बेटे ने अपनी मां की गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्यारे बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, बेटा नशे का आदी था और मां पर जमीन के बंटवारे का दबाव बना रहा था, लेकिन मां उसकी बात नहीं मान रही थी।

क्या है पूरा मामला
कोतवाली क्षेत्र के गांव लखनपुर निवासी विद्यादेवी (60) के पति जय सिंह की मौत हो चुकी थी। विद्यादेवी के पांच बेटे हैं। मंझला बेटा धनपाल नशा करने का आदी है। धनपाल अपनी मां पर जमीन का बंटवारा करने का दबाव बना रहा था, लेकिन वह बंटवारा नहीं कर रही थी। इससे नाराज होकर वह दिल्ली चला गया। वहां अपनी पत्नी को भी साथ ले गया। कुछ दिन बाद वह पत्नी को दिल्ली में छोड़कर फिर गांव आ गया और भाई ब्रजपाल के साथ रहने लगा। विद्यावती बड़े बेटे राजा उर्फ राजेश्वर के पास रहती थी।

साड़ी से गला घोंटकर की हत्या
सोमवार की सुबह विद्यावती शौच करने गई तो उसी दौरान धनपाल ने उसे पकड़ लिया और उसकी साड़ी से ही उसका गला घोंट दिया। बेटा धनपाल को मां की हत्या करते समय लोगों ने देख लिया, जिसकी सूचना उहोंने मृतका के अन्य बेटों को दी। आनन-फानन में राजा उर्फ राजेश्वर अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचे तो मां को मृत पाया।

पुलिस ने बेटे को किया गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल की। पुलिस ने मां के हत्यारे बेटे धनपाल को गिरफ्तार कर लिया। अपर पुलिस अधीक्षक त्रिभुवन सिंह ने बताया कि धनपाल जमीन का बंटवारा करा कर बेचना चाहता था। उसकी मां इस वजह से बंटवारा नहीं कर रही थी। इसी विवाद के चलते उसने अपनी मां की हत्या कर दी।












Click it and Unblock the Notifications