हरियाणाः कंपनी में ऑक्सीजन का सिलेंडर फटने से दो की मौत, पिता के सामने बेटों ने तोड़ा दम
फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद जिले के सेक्टर 6 स्थित केआर कॉम्पोनेन्ट कंपनी में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। दरअसल, दोपहर 12 बजकर 30 मिनट पर ऑक्सीजन का सिलेंडर (Oxygen Cylinder) फटने से दो युवकों की मौत हो गई। दोनों मृतक आपस में सगे भाई थे। धमाके के बाद कंपनी में अफरा तफरी का माहौल बन गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भिजवा दिया है और आगे जांच में जुट गई है।

दरअसल यह हादसा कंपनी में खराब हुई गैस पाइपलाइन की रिपेयर करने के दौरान हुआ। मौके पर पहुंचे एसीपी ने बताया की के आर कॉम्पोनेन्ट कंपनी में गैस की पाइप लाइन खराब हो गई थी, जिसका मरम्मत करने के लिए कंपनी ने बाहर से आनंद कुमार को बुलवाया था। आनंद कुमार अपने बेटों को भी लेकर आए थे ताकि पाइपलाइन सही करने में उनकी मदद मिल सके।
इसी दौरान जब दोनों भाई ऑक्सीजन का सिलेंडर उठा रहे थे तभी वह फट गया और दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। एसीपी ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं अपने सामने दोनों बेटों को दम तोड़ता देख आनंद कुमार कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं था। उसने बताया कि दोनों बेटे ऑक्सीजन गैस का सिलेंडर उठाने गए थे तभी बहुत जोर का धमाका हुआ और दोनों ने अपनी जान गंवा दी।
आनंद कुमार का एक 22 वर्षीय बेटा इंजीनियर था जबकि दूसरे की उम्र 20 साल थी और वह अभी पढ़ रहा था। दरअसल यह दोनों भाई अपने पिता की मदद के लिए साथ में आए थे और हादसे में अपनी जान गंवा बैठे।












Click it and Unblock the Notifications