Ram Mandir: 22 को व्यस्त रहेगा अयोध्या का हवाई यातायात, दिनभर जारी रहेगी विमानों की लैंडिंग और टेकऑफ
Ram Mandir: अयोध्या राम मंदिर के उद्घाटन के दौरान बड़ी संख्या में वीवीआईपी का आवागमन होगा। ज्यादातर वीवीआईपी विमान से आएंगे, इसलिए 21 जनवरी से 23 जनवरी तक अयोध्या हवाई क्षेत्र में बड़ी संख्या में विमानों का आवागमन होगा।
बताया जा रहा है कि रविवार से मंगलवार तक अयोध्या हवाई क्षेत्र में काफी संख्या में विमान दिखाई देंगे। अयोध्या एयरपोर्ट पर विमानों के पार्किंग के लिए जगह कम होने के चलते अयोध्या एयरपोर्ट पर आने वाले विमान को पांच राज्यों के 12 एयरपोर्ट पर पार्क करने के लिए भेजा जाएगा।

इसके लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ओर से तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। संबंधित हवाईअड्डों को पत्र भेजते हुए विमानों की लैंडिंग और टेकऑफ टाइमिंग समेत अन्य विवरण भी भेजा गया है।
ये हस्तियां पहुंचेंगी अयोध्या
अधिकारियों द्वारा बताया गया की 21 से 22 जनवरी तक अयोध्या के महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अंबानी और अडानी, रतन टाटा, अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, आलिया भट्ट समेत फिल्म जगत, बड़े व्यवसायी और देश विदेश के कई राजनेता अयोध्या पहुंचेंगे।
ऐसे में देश-विदेश की दिग्गज हस्तियों को अयोध्या एयरपोर्ट पर उतरने के बाद उनके विमान को लखनऊ, वाराणसी, कुशीनगर, गोरखपुर और प्रयागराज तथा बिहार के गया और पटना एयरपोर्ट, झारखंड के देवघर एयरपोर्ट, मध्य प्रदेश के जबलपुर और भोपाल एयरपोर्ट तथा उत्तराखंड के देहरादून एयरपोर्ट पर पार्क करने के लिए भेजा जाएगा।
वाराणसी में खड़े होंगे 13 विमान
अयोध्या आने वाले विमान में से 13 विमानों को वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पार्क किया जाएगा। जारी सूची के अनुसार वाराणसी एयरपोर्ट पर आदित्य बिरला ग्रुप, रिलायंस ग्रुप, टाटा ग्रुप, डालमिया ग्रुप, डॉ सुब्रमण्यम स्वामी और मध्य प्रदेश के वर्तमान और पूर्व सीएम के विमान भी पार्क किए जाएंगे।
फिलहाल भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के और एटीसी के अधिकारियों का कहना है कि 21 से 23 जनवरी तक अयोध्या हवाई क्षेत्र में काफी संख्या में विमानों का आवागमन होगा। अभी तक अयोध्या एयरपोर्ट पर मात्र दो तीन कामर्शियल विमानों का ही आवागमन होता रहा है, ऐसे में स्पेशल चार्टर विमानों के आवागमन के चलते अयोध्या हवाई क्षेत्र में विमान ही विमान नजर आएंगे और एयर ट्रैफिक व्यस्त रहेगा। एटीसी के अधिकारियों के लिए भी यह एक चुनौती भरा दौर रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications