Ayodhya News: सपा सांसद अवधेश प्रसाद के बेटे पर मारपीट और अपहरण का आरोप, पीड़ित ने दर्ज कराया केस
Ayodhya News: उत्तर प्रदेश के अयोध्या जनपद से समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद के बेटे के ऊपर गंभीर आरोप लगा है। सांसद अवधेश प्रसाद के बेटे अजीत प्रसाद और उनके समर्थकों पर एक युवक के साथ मारपीट करने और अपहरण करने का आरोप लगा है।
इस मामले में पीड़ित की तरफ से पुलिस से शिकायत की गई है। शिकायत दर्ज करने के बाद मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। वहीं समाजवादी पार्टी के लोगों द्वारा इस साजिश बताया जा रहा है।

सपा नेताओं द्वारा कहा जा रहा है कि सपा द्वारा मिल्कीपुर सीट से अजीत प्रसाद को उम्मीदवार घोषित किया गया है। ऐसे में बदले की भावना से अजीत प्रसाद को बदनाम किए जाने के खिलाफ यह सब साजिश की जा रही है।
इधर इस मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय द्वारा भी सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखा गया है। अमित मालवीय ने लिखा है कि 'फैजाबाद के सांसद अवधेश प्रसाद, जिनको आज कल अखिलेश यादव अपनी छाती से लगाकर घूम रहे हैं, उनके बेटे अजीत प्रसाद ने रवि तिवारी का "अपहरण" करके उसकी "पिटाई" की। सपा कुछ सीटें क्या जीत गई, बलात्कार और गुंडागर्दी का सिलसिला थम ही नहीं रहा।'
आगे उन्होंने यह भी लिखा है कि 'उत्तर प्रदेश में एक कहावत है - जिस गाड़ी पर सपा का झंडा, उस गाड़ी में बैठा है गुंडा। ये उसी का प्रमाण है।' इसके अलावा एक न्यूज चैनल की क्लिप को भी उन्होंने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। जिसमें रवि तिवारी नामक एक युवक के तहरीर की कॉपी और समाचार दिखाए जा रहे हैं।
दरअसल, पीड़ित युवक का आरोप है कि एक जमीन के मामले में उसने मध्यस्थता की थी। जमीन अजीत प्रसाद और लाल बहादुर के नाम से बैनामा हुई थी। इस दौरान अजीत द्वारा उसे एक लाख रुपए का चेक दिया गया था। उसका कहना है कि शनिवार को वह सिविल लाइंस के पास स्थित एसबीआई बैंक के समीप खड़ा था।
इसी दौरान अजीत प्रसाद ने अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंचकर उसके साथ मारपीट की। पीड़ित का आरोप है कि उन लोगों ने उसे गाड़ी में बैठा लिया और चेक के माध्यम से दिए गए एक लाख रुपए भी वापस ले लिया। उसके बाद गाड़ी से तहसील के पास उसे उतार कर लोग फरार हो गए। फिलहाल युवक द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications