सपा से गठबंधन पर इटावा में शिवपाल सिंह यादव ने दिया बड़ा बयान, बोले- अखिलेश बनेंगे सीएम
इटावा। 2022 की तैयारियों में जुटी प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव भतीजे अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी की तरफ नरम पड़ते दिख रहे है। शिवपाल सिंह यादव ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा, 'हम चाहते हैं नेता जी के जन्मदिन (22 नवंबर) पर परिवार में एकता बढ़ जाए तो अच्छा है। हमारा प्रयास है भतीजा समझ लेगा तो सरकार बना लेगा, मुख्यमंत्री हमें तो बनना नहीं है।' मुख्यमंत्री तो अखिलेश यादव ही बनेंगे। यदि सपा से गठबंधन नहीं हो पाया तो बाद में देखेंगे। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार और अधिकारियों की मनमानी के आरोप लगाए।

इटावा जिले के सिंचाई विभाग के डाक बंगले में प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि 22 नवंबर को नेताजी (मुलायाम सिंह यादव) का जन्मदिन है। 22 नवंबर को प्रसपा पूरे प्रदेश में एकता दिवस के रूप में मनायेगी। इस मौके पर सैफ़ई में दंगल भी आयोजित होगा, हालांकि नेताजी स्वास्थ्य कारणों से सैफ़ई नहीं आ सकेंगे। शिवपाल के इस बयान के बाद सूबे के सियासी गलियारे में यादव परिवार के एक होने की सुगबुगाहट फिर तेज हो गई है। कहा जा रहा है कि 22 नवंबर को मुलायम के जन्मदिन के मौके पर चाचा और भतीजा एक साथ दिख सकते हैं।
पहले भी दे चुके हैं साथ आने के संकेत
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव परिणाम के बाद बसपा से गठबंधन टूटने के बाद अखिलेश और शिवपाल दोनों ने साथ आने के संकेत दिए थे। लेकिन बाद में शिवपाल यादव ने कहा था कि वे सपा में पार्टी का विलय नहीं कर सकते। पार्टी सपा के साथ गठबंधन जरूर कर सकती है। एक बार फिर से शिवपाल ने एकसाथ आने के संकेत दिए हैं। देखना दिलचस्प होगा कि क्या अखिलेश चाचा शिवपाल को साथ लेते हैं या नहीं।












Click it and Unblock the Notifications