यूपी पुलिस ने किया 20 लाख का गांजा बरामद, इस तरह पकड़ में आए बोलेरो वाले तस्कर
इटावा। उत्तर प्रदेश में इटावा जिले की फ्रैंडस कॉलोनी थाना पुलिस ने नशे के पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह के गुर्गों को दबोच लिया। उनके कब्जे से 60 किलो गांजा बरामद किया गया। अन्तर्राष्ट्रीय बाजार में उस गांजे की कीमत करीब 20 लाख रुपये है। एडिशनल एसपी डॉ.रामयश सिंह ने बताया कि तस्कर बोलेरो में सवार थे। पुलिस की नजर उन तस्करों पर तब पड़ी, जब भर्थना चौराहे के पास वाहन चेकिंग की जा रही थी। मौके से वाहन सवार दो तस्करों को पकड़ लिया गया।

डॉ.रामयश सिंह के अनुसार, तस्करों ने अपनी पहचान जसवंतनगर निवासी सुरेन्द्र सिंह और सुनील सिंह बताई। हालांकि, इस दौरान उनका एक साथी फरार हो गया। गांजे के अलावा तस्करों से 22940 रुपये की नकदी भी पकड़ी गई। यह कार्रवाई करने वाले सिपाहियों की टीम को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने 15 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है। गिरफ्तार तस्करों को जेल भेज दिया गया है। अब मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करने की तैयारी शुरू कर दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications