एटा के मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन की कमी से बच्ची की मौत, डिप्टी सीएम ने CMO को दिए ये आदेश
एटा, 01 अगस्त: उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने एटा के मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन की कमी से बच्ची की मौत के मामले में संज्ञान लिया है। डिप्टी सीएम ने एटा के मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जांच में दोषी पाए गए स्वास्थ्य टेक्नीशियन को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त किए जाने का आदेश दिया है। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने खुद इसकी जानकारी देते हुए ट्वीट किया है। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने ट्वीट में लिखा, ''एटा के मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन की कमी की वजह से हुई एक बच्ची की मौत से संबंधित जांच में पाए गए दोषी स्वास्थ्य टेक्नीशियन को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त किए जाने हेतु मैंने एटा के मुख्य चिकित्सा अधिकारी को आदेश दिए हैं।''

ऑक्सीजन की कमी की वजह से चार साल की बच्ची की मौत
एटा के थाना निधौली कलां क्षेत्र के गांव नगला फकीर में रहने वाले मुकेश कुमार की चार साल की बेटी मन्नू को बुखार था। शनिवार की सुबह करीब छह बजे उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया। डॉक्टरों ने बुखार और निमोनिया बताया। जूनियर रेजीडेंट डॉ. शिवम ने बीमार बच्ची का उपचार शुरू किया। बताया गया कि इलाज के दौरान अचानक बच्ची के मुंह से छाग निकलने लगा। इस पर दोपहर करीब एक बजे उसको मेडिकल कॉलेज में 8 नंबर पर बेड पर पाइपलाइन से ऑक्सीजन लगा दी गई, लेकिन लाइन का वॉल्व खराब होने की वजह से बच्ची को ऑक्सीजन नहीं मिल सकी। बच्ची तड़पती रही। डेढ़ घंटे बाद उसे दूसरे बेड पर शिफ्ट किया गया, तब ऑक्सीजन मिल सकी। इसके बाद उसे रेफर कर दिया गया। आगरा ले जाने के लिए 108 एंबुलेंस पहुंची, लेकिन इसमें ऑक्सीजन नहीं थी। दूसरी एंबुलेंस बुलाई गई, इसमें भी वही स्थिति थी।
डिप्टी सीएम ने दिए थे जांच के आदेश
'अमर उजाला' की रिपोर्ट के मुताबिक, तीसरी एंबुलेंस पहुंचने पर 3.33 बजे बच्ची को आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज के लिए भेजा गया, लेकिन वहां पहुंचते-पहुंचते मासूम दम तोड़ चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने संज्ञान लिया था। सोमवार को डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने ट्वीट में लिखा, ''एटा के मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन की कमी की वजह से हुई एक बच्ची की मौत से संबंधित जांच में पाए गए दोषी स्वास्थ्य टेक्नीशियन को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त किए जाने हेतु मैंने एटा के मुख्य चिकित्सा अधिकारी को आदेश दिए हैं।''












Click it and Unblock the Notifications