भारत बंद करके अपनी आतंकी गतिविधियां बढ़ाना चाहते हैं राकेश टिकैत: भानु प्रताप
एटा, 27 सितंबर: भारतीय किसान यूनियन (भानु) के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु प्रताप ने भारत बंद का विरोध करते हुए राकेश टिकैत पर जमकर हमला बोला है। भानु प्रताप ने कहा कि आतंकी संगठन तालिबान ने जिस तरह से अफगानिस्तान में कब्जा किया, उस तरह की गतिविधियों को ये (राकेश टिकैत) बढ़ाना चाहते हैं। क्या भारत बंद करके राकेश टिकैत अपनी आतंकवादी गतिविधियों को और बढ़ाना चाहते हैं?
Recommended Video

भारत बंद से अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा असर
भानु प्रताप ने कहा कि भारत बंद से अर्थव्यवस्था पर असर पड़ेगा। मैं सभी पदाधिकारियों, ब्लॉक, ज़िला, मंडल, प्रदेश सबको आह्वान करता हूं कि भारत बंद का कोई सहयोग ना करे और इसका विरोध करे। ऐसे संगठन जो आतंकी गतिविधियों में शामिल है उनको सरकार दबाने की कोशिश करें। बता दें, तीन केंद्रीय कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के आंदोलन का नेतृत्व करने वाले 40 से अधिक किसान संघों के एक संगठन संयुक्त किसान मोर्चा ने सोमवार को भारत बंद का ऐलान किया है। संयुक्त किसान मोर्चा का कहना है कि किसानों के इस ऐतिहासिक संघर्ष के 10 महीने पूरे होने पर केंद्र सरकार के खिलाफ सोमवार यानी 27 सितंबर को 'भारत बंद' का आह्वान किया गया है। बंद सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक होगा।
इमरजेंसी सेवाओं को छूट
मोर्चा के मुताबिक, किसानों के भारत बंद के दौरान पूरे देश में सभी सरकारी और निजी कार्यालय, शैक्षणिक और अन्य संस्थान, दुकानें, उद्योग और वाणिज्यिक प्रतिष्ठान के साथ-साथ सार्वजनिक कार्यक्रम और अन्य कार्यक्रम बंद रहेंगे। हालांकि, अस्पताल, मेडिकल स्टोर, राहत और बचाव कार्य सहित सभी आपातकालीन प्रतिष्ठानों और आवश्यक सेवाओं व व्यक्तिगत आपात स्थितियों में भाग लेने वाले लोगों को छूट दी जाएगी।
डीएनडी पर ट्रैफिक जाम, वाहनों की लगी लंबी लाइनें
भारत बंद के चलते आम लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। नोएडा और दिल्ली को जोड़ने वाले डीएनडी पर भीषण जाम लग गया। वाहनों की कई किलोमीटर लंबी लाइन लग गई। दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर भी लोगों को ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ा। इसके अलावा अक्षरधाम, नोएडा लिंक रोड, गाजीपुर रोड, जीटी रोड, वजीराबाद रोड, एनएच-1 और दिल्ली-गुड़गांव एक्सप्रेस वे पर भी वाहन रेंग-रेंग कर चल रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications