Zubeen Garg Death: अब खुलेगा जुबीन गर्ग की मौत का राज, 3500 पेज की चार्जशीट से सामने आएगा 'ऐसा सच'
Zubeen Garg Death: असम के मशहूर गायक जुबीन गर्ग की रहस्यमयी मौत को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। 19 सितंबर 2025 को सिंगापुर में हुए उनके निधन ने पूरे देश को झकझोर दिया था।
चार्जशीट में खुलेगा जुबीन गर्ग की मौत का राज
शुरुआत में इसे स्कूबा डाइविंग के दौरान हुई दुर्घटना बताया गया था लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी,इस कहानी पर सवाल खड़े होते चले गए। अब इस हाई-प्रोफाइल केस में 3500 पन्नों की चार्जशीट गुवाहाटी के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) कोर्ट में दाखिल कर दी गई है।

300 से अधिक गवाहों से हुई पूछताछ
-खास बात ये है कि जुबीन गर्ग की मौत से जुड़े सभी अहम सबूतों को चार लॉक वाले बॉक्स में सील कर कोर्ट में पेश किया गया है। इसमें चार्जशीट, हलफनामे, जब्त सामग्री, CPU, लैपटॉप और मोबाइल फोन जैसे इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस शामिल हैं।
-इस मामले की जांच कर रही एसआईटी (SIT) ने करीब 300 से अधिक गवाहों से पूछताछ की है। गहन जांच के बाद तैयार की गई रिपोर्ट अब अदालत के सामने है। चार्जशीट के जरिए ये साफ होने की उम्मीद है कि जुबीन गर्ग की मौत महज एक हादसा थी या फिर किसी गहरी साजिश का नतीजा।
जुबीन गर्ग हत्या केस में 7 लोग गिरफ्तार
-जांच के दौरान एसआईटी ने इस मामले में 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा, इवेंट ऑर्गेनाइजर, श्यामकानू महंता, कजिन संदीपन गर्ग, बैंडमेट शेखर ज्योति गोस्वामी, महिला सिंगर अमृतप्रभा महंता,पीएसओ नंदेश्वर बोरा और प्रवीण बैश्या का नाम शामिल है।
-इन सभी को फिलहाल न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। चार्जशीट में आरोपियों पर आपराधिक साजिश, गंभीर लापरवाही और हत्या जैसे संगीन आरोप लगाए गए हैं।
कोर्ट में SIT रखेगी अपना पक्ष
-जुबीन गर्ग सिर्फ एक सिंगर नहीं बल्कि असम की सांस्कृतिक पहचान थे। उनकी मौत के बाद पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई थी। उनके 53वें जन्मदिन पर असम भावुक नजर आया था और हर तरफ से न्याय की मांग तेज हो गई थी।
-लगातार बढ़ते दबाव और 60 से ज्यादा एफआईआर के बाद इस केस को सीआईडी के तहत गठित एसआईटी को सौंपा गया था। अब टीम अदालत में अपना पक्ष मजबूती से रखने के लिए तैयार है।
CM हिमंत बिस्वा सरमा ने दिलाया न्याय का भरोसा
-जुबीन गर्ग की मौत को लेकर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने पहले ही जनता को भरोसा दिलाया था कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। चार्जशीट दाखिल होने से पहले उन्होंने कहा था कि पुलिस की जांच लगभग पूरी हो चुकी है और मामला अदालत के दायरे में आने वाला है। सीएम ने न्यायिक प्रक्रिया पर भरोसा जताते हुए कहा था कि सच्चाई सामने आएगी और दोषियों को सजा जरूर मिलेगी।
-3500 पेज की चार्जशीट दाखिल होने के बाद अब उम्मीद की जा रही है कि जुबीन गर्ग की मौत से जुड़ा सच जल्द सामने आएगा। क्या ये एक हादसा था या सोची-समझी साजिश, इसका जवाब अब अदालत के फैसले से मिलेगा। देशभर के फैंस और असम की जनता को अब न्याय की राह की ओर टकटकी लगाए देखना होगा।












Click it and Unblock the Notifications