विश्व प्रसिद्ध जर्मन सिंगर कैस्मे वृंदावन हेरिटेज टॉवर पहुंची, कृष्ण भक्ति में हुईं मग्न
विश्व प्रसिद्ध जर्मन सिंगर कैस्मे सोशल मीडिया पर भारतीय भक्ति संगीत की अपनी भावपूर्ण प्रस्तुतियों के लिए जानी जाती हैं l हाल ही में कैस्मे ने वृन्दावन हेरिटेज टावर (जिसे वृंदावन चंद्रोदय मंदिर के नाम से भी जाना जाता है) के तीन दिवसीय स्पिरिचुअल रिट्रीट में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने मंदिर की विभिन्न आध्यात्मिक गतिविधियों में भाग लिया, जिनमें आरती, संकीर्तन और हरे कृष्ण महामंत्र का जाप शामिल है। इस विशेष अवसर पर उन्होंने श्री चंचलापति दास, प्रेजिडेंट, वृंदावन हेरिटेज टॉवर, वाइस चेयरमैन और को-मेंटर हरे कृष्ण मूवमेंट से भेंट की।
वृंदावन हेरिटेज टॉवर में अपने प्रवास के दौरान, कैस्मे ने आंतरिक शांति के लिए आध्यात्मिक साधनाओं पर चर्चा की और वृंदावन की संस्कृति व परंपराओं को करीब से जाना। उन्होंने संस्थान के विज़न और मिशन के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक सेवा कार्यों के बारे में भी जाना, जिनमें अन्नदान योजना, पर्यावरण संरक्षण योजनाएं, कला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम, अक्षय पात्र और सुरभि गौशाला शामिल हैं। इस दौरान कैस्मे ने वृन्दावन चंद्रोदय मंदिर स्थापित आराध्य श्री राधा वृंदावनचंद्र के लिए संकीर्तन प्रस्तुति दी l

कैस्मे ने कहा, "यह जानकर मैं बहुत प्रभावित हुई कि वृंदावन में विश्व का सबसे ऊँचा मंदिर बन रहा है। मुझे वृंदावन हेरिटेज टॉवर के लोगों से विशेष प्रेम मिला, यहाँ का भोजन अद्भुत था साथ ही मुझे जीवन के विषय में गहराई से जानने का अवसर मिला। इस मंदिर में कीर्तन करना मेरे लिए सबसे ख़ास अनुभव था क्योंकि मैंने यहाँ संगीत और भक्ति की ऊर्जा को एक साथ अनुभव किया।"
कैस्मे ने पिछले वर्ष तब विशेष लोकप्रियता हासिल की जब उनके भक्ति गीत सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। भारतीय भक्ति संगीत में उनकी गहरी आस्था और मधुर आवाज ने विश्वभर के श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्हें 2024 में भारत सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 'बेस्ट इंटरनेशनल कंटेंट क्रिएटर' अवार्ड से सम्मानित किया गया था साथ ही, 2023 में जर्मन संसद के लिए 'इंक्लूजन सॉन्ग' के लिए 'पॉलीटन फॉर इनक्लूजन' टीमवर्क नॉमिनेशन में भी उनका नाम शामिल था।
वर्तमान में, कैस्मे अपनी मां के साथ भारत की यात्रा पर हैं, जहाँ उन्होंने पहली बार महाशिवरात्रि महोत्सव 2025 में अपनी प्रस्तुति दी । उन्होंने कई भारतीय भाषाओं और संगीतमय रचनाओं में महारत हासिल की है। उनकी भावनात्मक प्रस्तुतियों ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय ख्याति दिलाई है, जिसके चलते उन्हें तमिलनाडु के पललाडम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करने का मौका मिला। सितंबर 2023 में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' के 105वें एपिसोड में कैस्मे को 'भारत की जर्मन बेटी' कहकर संबोधित किया और उनकी बहुभाषीय प्रस्तुति की सराहना की थी।
वृंदावन हेरिटेज टॉवर, विश्व का सबसे ऊंचा सांस्कृतिक धरोहर स्थल बनने जा रहा है। इस परियोजना का उद्देश्य भारत की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, वैदिक और आध्यात्मिक मूल्यों को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करना है। वृंदावन हेरिटेज टॉवर के लिए यह प्रसन्नता की बात है कि उन्होंने कैस्मे की मेजबानी करने का मौका मिला और उन्हें एक अद्वितीय सांस्कृतिक और आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त हो सका l












Click it and Unblock the Notifications