कौन हैं गोपाल मुखर्जी? जिनके पोते ने विवेक अग्निहोत्री पर करा डाली FIR, लगाया गंभीर आरोप
फिल्ममेकर विवेक रंजन अग्निहोत्री हमेशा में चर्चा में रहते हैं। कभी अपने बयानों से तो कभी अपनी फिल्मों से। इस बार भी वो अपनी अपकमिंग फिल्म की वजह से चर्चा में हैं। उनकी फिल्म का नाम 'द बंगाल फाइल्स' है। जो अपनी रिलीज से पहले ही विवादों में घिर गई है। बीते दिन हुए फिल्म के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में खूब हंगामा कटा।
इन सबके बीच अब एक और फिल्म के निर्देशक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। यह शिकायत गोपाल मुखर्जी (जिनका फिल्म में जिक्र है) के पोते शांतनु मुखर्जी ने की है। क्या है पूरा मामला हम आपको इस रिपोर्ट में बताते हैं।

विवेक की फिल्म की कहानी भारत-पाकिस्तान के विभाजन और बंगाल में हुए 1946 के दंगों पर बेस्ड है। इसमें प्रसिद्ध बंगाली योद्धा गोपाल मुखर्जी को भी दिखाया गया है। उन्हीं के चित्रण को लेकर अब विवाद शुरू हो गया है। उनके पोते शांतनु मुखर्जी ने फिल्म मेकर पर आरोप लगाया है और FIR भी दर्ज करवाई है। शांतनु का आरोप है कि फिल्म के ट्रेलर में उनके दादा को 'कसाई गोपाल पाठा' कहकर गलत तरीके से दिखाया गया है।
शांतनु का कहना है कि उनके दादा पेशे से कसाई नहीं थे, बल्कि एक पहलवान और अनुशीलन समिति के प्रमुख सदस्य थे। उन्होंने 1946 के दंगों को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। शांतनु ने विवेक अग्निहोत्री को लीगल नोटिस भेजा है। इसमें उन्होंने विवेक से माफी मांगने के लिए भी कहा है।
शांतनु मुखर्जी ने आगे कहा, "मेरे दादाजी को कसाई और बकरा कहना बेहद गलत और अपमानजनक है। मुझे लगता है कि विवेक अग्निहोत्री को पूरी और अच्छी तरीके से रिसर्च करनी चाहिए थी। उन्हें गलत जानकारी मिली है। इतना ही नहीं फिल्ममेकर ने हमारे परिवार से किसी प्रकार का संपर्क भी नहीं किया। उन्होंने दादा को जिस तरीके से दिखाया है उससे परिवार, समुदाय और अन्य लोगों को ठेस पहुंची है।"
विवेक अग्निहोत्री की फिल्म 5 सितंबर को रिलीज होगी। इसमें अनुपम खेर, पल्लवी जोशी, मिथुन चक्रवर्ती और उमंग कुमार जैसे एक्टर्स हैं। इसके पहले भी विवेक अग्निहोत्री पर FIR दर्ज हो चुकी है। अब देखना है कि विवेक गोपाल मुखर्जी के परिवार से माफी मांगते हैं या नहीं।












Click it and Unblock the Notifications