क्या है मीठी नदी घोटाला? इस मामले में क्यों फंसे डिनो मोरिया? कौन है मास्टरमाइंड? हुए चौंकाने वाले खुलासे
Mithi River Scam: बॉलीवुड एक्टर डिनो मोरिया (Dino Morea) इस समय खबरों में छाए हुए हैं। वह कानूनी पचड़े में फंसते नजर आ रहे हैं। खबर है कि मीठी नदी विवाद की वजह से डिनो मोरिया की परेशानियां बढ़ती ही जा रही हैं।
मीठी नदी घोटाले में फंसे डिनो मोरिया
आपको बता दें कि मुंबई में बाढ़ और जलजमाव की हालत के पीछे मीठी नदी की सफाई में हुए घोटाले को जिम्मेदार माना जाता है। वहीं इस मामले की जांच आगे बढ़ने के साथ ही कई तरह के चौंकाने वाले खुलासे भी हो रहे हैं। इस मामले में एक्टर को मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने तलब भी किया है।

मीठी नदी घोटाला और उससे जुड़ी अहम बातें
लेकिन सबसे पहले आपको बताते हैं कि क्या है ये मीठी नदी घोटाला और क्यों इसमें डिनो मोरिया का नाम सामने आ रहा है। इसके अलावा इस घोटाले से जुड़ी कुछ ऐसी भी बातें हैं जो आपको पता होनी चाहिए।
क्या है मीठी नदी घोटाला?
ये पूरा विवाद मुंबई नगर निगम द्वारा मीठी नदी की सफाई में इस्तेमाल होने वाली स्लज पुशर और ड्रेजिंग मशीनों की खरीदारी से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि ये मशीनें कोच्चि की कंपनी मैटप्रॉप टेक्निकल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड से ऊंचे दामों पर किराए पर ली गई थीं, जिसकी वजह से भारी वित्तीय अनियमितता हुई थी।
डिनो मोरिया से क्यों हो रही है पूछताछ?
-आपको बता दें कि ये मामला 20 साल पुराना है। 20 साल से मीठी नदी की गाद निकालने की परियोजना में कथित राशि की हेराफेरी की जांच की जा रही है। इस मामले में बॉलीवुड एक्टर डिनो मोरिया और उनके भाई सेंटिनो मोरिया का नाम जुड़ा है।
-मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार डिनो मोरिया को उनके कॉल रिकॉर्ड्स के कारण इस मामले से जोड़ा जा रहा है। आरोप है कि डिनो मोरिया और और उनके भाई सेंटिनो, इस घोटाले के मुख्य आरोपी के संपर्क में थे।
-ऐसे में मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने दोनों भाइयों से गत 26 मई 2025 को करीब 8 घंटे तक पूछताछ की थी। लेकिन जांच एजेंसी के मुताबिक, ये पूछताछ काफी नहीं थी। इसी वजह से अब दोनों को आगामी 28 मई 2025 (बुधवार) को एक बार फिर पूछताछ के लिए बुलाया गया है। आपको बता दें कि इस मामले में बीएमसी की टीम भी कई सवालों के घेरे में फंस चुकी है।
कौन है इस मामले का मास्टरमाइंड?
जानकारी के अनुसार मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा, इकोनॉमिक ऑफेंसेज विंग (EOW) मीठी नदी घोटाले की बारीकी से जांच कर रही है। वहीं इसी महीने की शुरुआत में पुलिस ने 5 निजी ठेकेदारों और बीएमसी के 3 अधिकारियों समेत कुल 13 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। इस मामले में केतन कदम को मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। वहीं कहा जा रहा है कि एक्टर डिनो मोरिया और उनके भाई सेंटिनो मोरिया लगातार केतन कदम के संपर्क में थे।
क्यों डिनो मोरिया हैं पुलिस के रडार पर
जानकारी के अनुसार जब मुंबई पुलिस ने केस के मुख्य आरोपी केतन कदम के कॉल रिकॉर्ड्स की जांच की थी तो उसमें अभिनेता डिनो मोरिया और उनके भाई सेंटिनो के नंबर बार-बार सामने आए थे। कॉल रिकॉर्ड्स से ये पता चल रहा था कि दोनों भाइयों ने केतन से कई बार बातचीत की थी। अब पुलिस ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ये बातचीत सिर्फ दोस्ती तक सीमित थी या इनके बीच कोई बड़ी डील हुई थी।
65 करोड़ रुपये का हुआ घोटाला
आपको बता दें कि मीठी नदी घोटाले के मास्टरमाइंड केतन कदम पर आरोप है कि उन्होंने मीठी नदी की सफाई के नाम पर करीब 65 करोड़ रुपये का घोटाला किया है। बीएमसी ने मीठी नदी की सफाई के लिए स्लज पुशर और ड्रेजिंग मशीनों का इस्तेमाल किया था। आरोप है कि बीएमसी के अधिकारी, केरल की एक कंपनी, और ठेकेदार केतन कदम और जय जोशी ने मिलकर टेंडर की प्रक्रिया से खूब फायदा कमाया है।
BMC क्यों फंसी सवालों के घेरे में?
मीडिया रिपर्ट्स के अनुसार बीएमसी की टीम ने पहले केरल में स्थित मैटप्रॉप कंपनी के प्लांट का दौरा किया था, जो सफाई मशीनों में विशेषज्ञ है। इसके बाद टेंडर इस तरह डिजाइन किया गया था कि सिर्फ उन्हीं मशीनों को चुना जा सके, जो मैटप्रॉप से खरीदी या किराए पर ली जाएं। जांच में सामने आया है कि मैटप्रॉप, बीएमसी अधिकारी और ठेकेदारों की मिलीभगत से ही इस घोटाले को अंजाम दिया गया था।












Click it and Unblock the Notifications