52 साल की उम्र में विक्रम भट्ट ने की श्वेतांबरी सोनी से चोरी-छिपे शादी, महेश भट्ट ने दी थी ये सलाह
मुंबई, 06 अक्टूबर: बॉलीवुड इंडस्ट्री से एक नए रिश्ते के जुड़ने की खबर सामने आ रही है, हालांकि यह रिश्ता काफी वक्त पहले ही जुड़ गया था, लेकिन उसका खुलासा अब हुआ है। फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर डायरेक्टर विक्रम भट्ट ने गुपचुप तरीके से दूसरी शादी कर ली है। विक्रम भट्ट की दूसरी वाइफ का नाम श्वेतांबरी सोनी है, जिससे उन्होंने बिना किसी को खबर लगे शादी कर ली थी, हालांकि अब इस राज से पर्दा उठ चुका है। ऐसे में जानिए कौन हैं श्वेतांबरी सोनी और उनकी शादी पर महेश भट्ट ने क्या कहा है?

श्वेतांबरी सोनी के साथ दूसरी शादी
बॉलीवुड इंडस्ट्री से आए दिन नए-नए रिश्तों की खबर सामने आती रहती है। ऐसे में अब डायरेक्टर विक्रम भट्ट की शादी को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। ईटाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक 52 साल के फेमस डायरेक्टर-प्रोड्यूसर विक्रम भट्ट ने दूसरी शादी रचा ली है। रिपोर्ट के मुताबिक विक्रम ने श्वेतांबरी सोनी से पिछले साल शादी की थी, जिसको सब से छिपाकर रखा था, लेकिन अब ये राज सबके सामने आ गया है। इससे पहले विक्रम ने अदिति भट्ट से शादी की थी, जिसके बाद उनका तलाक हो गया था।

महेश भट्ट ने बताया कब हुई शादी?
वहीं अब जब विक्रम भट्ट की शादी का खुलासा हो गया तो इस पर उनके मेंटर महेश भट्ट ने भी सारी बात बताई हैं। ईटाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार महेश भट्ट ने खुलासा किया कि विक्रम भट्ट की शादी पिछले सितंबर में लॉकडाउन के दौरान हुई थी। अपने शादी को लेकर विक्रम ने महेश भट्ट को फोन किया और बताया था कि 'बॉस, मेरी शादी हो रही है और कोरोना की वजह से लोगों के आने पर बैन है और साथ ही इस कोविड के समय में स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं को ध्यान में रखते हुए, मैं आप पर बोझ नहीं डालूंगा, लेकिन अब मैं इस बंधन में बंधने जा रहा हूं।

'शादी लंबे समय तक छिपी नहीं रहेगी'
जिसका जवाब देते हुए महेश भट्ट ने कहा कि विक्रम तुम बिल्ली की तरह हो, आंख बंद करके दूध पी रहे हो यह सोचकर कि कोई देख नहीं रहा है। यह मीडिया का युग है, यह तय है कि आपकी शादी लंबे समय तक छिपी नहीं रहेगी। विक्रम की पत्नी श्वेतांबरी सोनी मुंबई में ट्रिनिटी आर्ट गैलरी से जुड़ी हैं और महेश भट्ट के अनुसार पिछले कुछ महीनों में विक्रम पर उनका शांत और पॉजिटिव प्रभाव रहा है।विक्रम भट्ट फिल्म निर्माता-निर्देशक महेश भट्ट और मुकेश भट्ट के भतीजे हैं।

इन दो एक्ट्रेस के साथ भी चला था अफेयर
बता दें कि इससे पहले विक्रम भट्ट ने अदिति भट्ट के साथ 7 फेरे लिए थे। हालांकि बाद में साल 1998 में दोनों ने अलग होने का फैसला किया, दोनों की एक बेटी भी है, जिसका नाम कृष्णा भट्ट हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो इसके बाद विक्रम ने कुछ सालों तक सुष्मिता सेन और फिर उसके बाद अमीषा पटेल के साथ भी रिलेशन में रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications