करण जौहर का फोन पर चीखने-चिल्लाने का वीडियो वायरल, जानें क्या हुई है बात
बर्थडे पार्टी के बाद करण जौहर का एक वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो में करण जौहर मोबाइल पर बात करते हुए चीखते-चिल्लाते दिखाई दे रहे हैं।
मुंबई, 28 मईः करण जौहर न सिर्फ एक शानदान फिल्ममेकर हैं बल्कि वह एक अच्छे प्रोड्यूसर, एक्टर, एंकर और होस्ट भी हैं। वह इन सभी जिम्मेदारियों को एक साथ बखूबी निभाते हैं। हाल ही में करण जौहर ने अपना 50वां जन्मदिन मनाया, जिसकी पार्टी के फोटोज और वीडियोज सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे हैं। करण जौहर की बर्थडे पार्टी में शाहरुख खान, सलमान खान,अभिषेक- ऐश्वर्या से लेकर फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े ढेरो लोग शामिल हुए थे। करण जौहर की इस जबरदस्त पार्टी में सभी सेलेब्स ने खूब इन्जॉय किया। आपको बता दें कि बर्थडे पार्टी के बाद करण जौहर का एक वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो में करण जौहर मोबाइल पर बात करते हुए चीखते- चिल्लाते दिखाई दे रहे हैं।

कॉफी के स्ट्राइक पर जाने की उठी बात
वीडियो में करण जौहर किसी से मोबाइल पर बात करते हुए कहते हैं- बहुत ध्यान से सुनो, कोई भी मेरे शो पर आने के लिए मना नहीं करता है, क्या मतलब है कि ये सीजन नहीं हो सकता है? इसके बाद मोबाइल पर मौजूद शख्स कहता है- 'सर, सभी स्टार्स ने डेट दी है, लेकिन हमारी सुपरस्टार कॉफी स्ट्राइक पर है। इस बात को सुनकर करण कहते हैं- क्या मतलब कॉफी स्ट्राइक पर है, इसका मतलब भी क्या होता है? करण की बात सुनकर मोबाइल पर मौजूद शख्स आगे कहता है- इतने सालों तक सिंगल रहने के बाद अब कॉफी और नहीं बर्दाश्त कर सकती थी, इसके बाद कॉफी पूरे देश में स्ट्राइक पर चली गई है। वीडियो में करण आगे गुस्से में कहते हैं, 'कुछ भी बकवास कर रहे हो, कॉफी है या कोई अनपेड इंटर्न जो स्ट्राइक पर चली गई। स्ट्राइक पर है, स्ट्राइक पर है.... एक दम बकवास।' इतना कहकर करण जौहर कॉल कट कर देते हैं।
चीखते- चिल्लाते दिखे करण जौहर
वीडियो में आगे दिखता है कि करण जौहर अपनी वैनिटी वैन में मौजूद मेकअप टेबल पर से कॉफी मग उठाते हैं, तो देखते हैं कि उसमें कॉफी नहीं है। ये देखकर करण जौहर का पारा और भी बढ़ जाता है और वो गुस्से में कॉफी मग को नीचे फेंक देते हैं और जोर से चिल्लाते हैं। करण जौहर का चीखना-चिल्लाना सुनकर वैनिटी वैन के बाहर खड़ा बॉडीगार्ड भी सतर्क हो जाता है। करण जौहर के इस वीडियो पर कई सेलेब्स ने भी रिएक्ट किया है।
कॉफी विद करण का प्रमोशन हो सकता है
करण ने वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा है- लाइफ अपडेट: मुझे नहीं पता कि मैं और कब तक बिना मेरी प्यारी कॉफी के रह पाऊंगा। मुझे अब भी विश्वास नहीं हो रहा है।' कैप्शन में करण ने #CoffeeIsOnStrike के साथ ही #Bollywood और #Ad भी लिखा है। आपको बता दें कि इस वीडियो के बारे में अभी तक आधिकारिक तौर पर कुछ भी सामने नहीं आया है, लेकिन वीडियो को देखकर ऐसा लग रहा है कि ये कॉफी विद करण के नए सीजन का प्रमोशनल वीडियो हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications