Udaipur Files Release: देश भर में रिलीज हुई उदयपुर फाइल्स, कन्हैयालाल के बेटे ने दर्शकों से की भावुक अपील
Udaipur Files Release: कन्हैयालाल हत्याकांड पर आधारित फिल्म 'उदयपुर फाइल्स' शुक्रवार को देशभर के 4500 सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। इस हत्याकांड ने पूरे देश में सनसनी मचा दी थी। उदयपुर के टेलर कन्हैयालाल की हत्या एक सोशल मीडिया पोस्ट की वजह से दो लोगों ने उस वक्त की थी, जब वह अपनी दुकान पर काम कर रहे थे। नाप देने के बहाने आए दोनों युवकों ने बेरहमी से गला काटकर हत्या कर दी थी। उदयपुर में भी इस फिल्म का प्रदर्शन हो रहा है। कन्हैयालाल के बेटे यश तेली ने सभी लोगों से फिल्म देखने की अपील की है।
उदयपुर के सेलिब्रेशन मॉल अरबन स्क्वायर और लेक सिटी मॉल में फिल्म का एक-एक शो हो रहा है। संवेदनशील विषय पर बनी फिल्म को देखते हुए हुए प्रशासन ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं। कन्हैयालाल के बेटे यश तेली ने बताया कि वे परिवार सहित मूवी देखने जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह फिल्म किसी के विरोध में नहीं है, सिर्फ सच के बारे में है। मैं सभी लोगों से कहना चाहता हूं कि फिल्म देखने जरूर जाएं।

Udaipur Files में विजय राज ने निभाई है अहम भूमिका
इस फिल्म में चर्चित एक्टर विजय राज अहम भूमिका में हैं। उन्होंने टेलर कन्हैयालाल का किरदार निभाया है। फिल्म की रिलीज पर पहले रोक लगाई गई थी, लेकिन कोर्ट और सरकार दोनों की ओर से हरी झंडी मिलने के बाद कुछ सीन एडिट कर फिल्म रिलीज की जा रही है। कन्हैयालाल के बेटे यश तेली ने कहा, 'इस फिल्म में मेरे पिता की तालिबानी तरीके से की गई हत्या और उससे जुड़े पूरे घटनाक्रम को दिखाया गया है। यह किसी समुदाय या धर्म के खिलाफ नहीं है।'
यह भी पढ़ें: रिलीज के पहले ही कानूनी पचड़े में फंसी विवेक अग्निहोत्री की फिल्म, 'द बंगाल फाइल्स' पर TMC के बड़े आरोप
बता दें कि 1 अगस्त को हाई कोर्ट ने केंद्र सरकार को निर्देश दिया था कि वह समीक्षा कर फिल्म रिलीज पर निर्णय ले। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने एक समिति बनाकर फिल्म की समीक्षा की और रिलीज के लिए हरी झंडी दी थी। इस हत्याकांड को अंजाम देने वाले गौस मोहम्मद और रियाज अत्तारी सहित 11 आरोपियों के खिलाफ UAPA और आर्म्स एक्ट के तहत एनआईए ने चालान पेश कर दिया है। एनआईए ने दो आरोपियों सलमान और अबू इब्राहिम को फरार घोषित किया है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने इन दोनों आरोपियों को पाकिस्तान निवासी बताया है।
यह भी पढ़ें: कन्हैयालाल हत्याकांड पर बनी 'द उदयपुर फाइल्स' पर लगी रोक हटी, अब इस दिन रिलीज होगी फिल्म












Click it and Unblock the Notifications