रिलीज के पहले ही कानूनी पचड़े में फंसी विवेक अग्निहोत्री की फिल्म, 'द बंगाल फाइल्स' पर TMC के बड़े आरोप
विवेक रंजन अग्निहोत्री भारतीय सिनेमा के सबसे बेबाक फिल्ममेकर्स में से एक हैं, जो ऐसी कहानियां दिखाते हैं जो भारतीय इतिहास के छुपे पहलुओं को सामने लाती हैं। उनकी आने वाली फिल्म द बंगाल फाइल्स भी पुराने समय में छुपे एक सच को दिखाने की कोशिश है। यह फिल्म पहले से ही चर्चा में है क्योंकि इसका अमेरिका के 10 बड़े शहरों में प्रीमियर हो रहा है, जहां विवेक रंजन अग्निहोत्री और को-प्रोड्यूसर पल्लवी जोशी फिल्म का प्रमोशन कर रहे हैं।
लेकिन, भारत में इस फिल्म को लेकर विवाद शुरू हो गया है। पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कई नेताओं ने फिल्म और इसके मेकर्स विवेक रंजन अग्निहोत्री व पल्लवी जोशी के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। इस कानूनी कार्रवाई ने फिल्म की आधिकारिक रिलीज़ से पहले ही बहस छेड़ दी है।

उनका आरोप है कि द बंगाल फाइल्स सांप्रदायिक नफरत फैलाती है। FIR में कहा गया है कि टीज़र में दिखाया गया मां दुर्गा की जलती हुई मूर्ति का सीन, परंपरा और साम्प्रदायिक सौहार्द के साथ जानबूझकर किया गया खिलवाड़ है। शिकायत में यह भी चेतावनी दी गई है कि यह टीज़र लोगों में तनाव पैदा कर सकता है और राज्य की शांति भंग कर सकता है।
द बंगाल फाइल्स के मेकर्स ने TMC नेताओं द्वारा दर्ज कराई गई FIR पर अभी कोई जवाब नहीं दिया है। फिलहाल विवेक रंजन अग्निहोत्री और पल्लवी जोशी अमेरिका टूर पर हैं, जो 19 जुलाई को न्यू जर्सी से शुरू हुआ था और 10 अगस्त को ह्यूस्टन में खत्म होगा।
हाल ही में रिलीज़ हुए टीज़र ने दर्शकों और समीक्षकों, दोनों का ध्यान खींचा और खूब तारीफ़ बटोरी। हालांकि, मां काली का एक उग्र विज़ुअल थोड़े विवाद में आ गया, लेकिन मेकर्स ने साफ किया कि फिल्म गहरी रिसर्च पर आधारित है। टीज़र की दमदार लाइन "अगर कश्मीर ने आपको चोट पहुंचाई है, तो बंगाल आपको डराएगा" ने फिल्म के लिए दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है।
द बंगाल फाइल्स को विवेक रंजन अग्निहोत्री ने लिखा है और इसे अभिषेक अग्रवाल व पल्लवी जोशी ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती, पल्लवी जोशी, अनुपम खेर और दर्शन कुमार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। तेज नारायण अग्रवाल और आई एम बुद्धा प्रोडक्शंस द्वारा प्रस्तुत यह फिल्म, विवेक की फाइल्स ट्रिलॉजी का हिस्सा है, जिसमें द कश्मीर फाइल्स और द ताशकंद फाइल्स शामिल हैं। यह फिल्म 5 सितंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।












Click it and Unblock the Notifications