Tunisha Sharma Case: पुलिस को तुनिषा की मौत पर है इस बात का शक, 15 दिन पहले ही हुआ था ब्रेक अप
Tunisha Sharma Case: टीवी एक्ट्रेस तुनिषा शर्मा की आत्महत्या के बाद पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि हो सकता है कि तुनिषा ने ब्रेकअप की वजह से तनाव के चलते आत्महत्या कर ली है।

Tunisha Sharma Case: टीवी अभिनेत्री तुनिषा शर्मा ने जिस तरह से आत्महत्या की उसके बाद अलग-अलग तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। इस बीच पुलिस ने उनके साथी कलाकार शीजान खान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शीजान को आत्महत्या के लिए उकसाने के चलते गिरफ्तार किया है। जबकि शीजान के वकील शरद राय का कहना है कि जो भी हुआ, उसपर कोर्ट और पुलिस अपना काम कर रही है। शीजान को कोर्ट में पेश कर दिया गया है, उनके खिलाफ जो भी आरोप लगे हैं वह पूरी तरह से निराधार हैं।

ब्रेकअप हो सकती है वजह
तुनिषा ने आखिर आत्महत्या क्यों की इसकी मुंबई पुलिस जांच कर रही है। रविवार को पुलिस ने कहा कि संभव है कि साथी कलाकार शीजान खान से ब्रेक अप के चलते तुनिषा ने आत्महत्या की हो। पुलिस का कहना है कि 21 वर्षीय अभिनेत्री दबंग-3 का भी हिस्सा थीं और इसी दौरान वह शीजान खान के साथ रिलेशनशिप में आई थीं। आज शीजान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

डिप्रेशन में थीं!
तुनिषा की बात करें तो वह अली बाबा दास्तान ए काबुल में अभिनय कर रही थीं। तकरीबन 15 दिन पहले उन्होंने ब्रेकअप कर लिया था। अपने पार्टनर से अलग होने के बाद से तुनिषा अवसाद में थीं। पुलिस का कहना है कि वह काफी तनाव में थीं। यही वजह है कि उन्होंने टीवी सेट पर ही इतना बड़ा कदम उठा लिया। बता दें कि तुनिषा ने वसाई स्थित अपने टीवी सेट पर आत्महत्या कर ली थी। फिलहाल पुलिस इस मामले से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही है।

15 दिन पहले हुआ था ब्रेक अप
पुलिस ने जो एफआईआर दर्ज की है उसमे यह जानकारी सामने आई है कि तुनिषा और जीशान रिलेशनशिप में थे और दोनों का 15 दिन पहले ब्रेक अप हुआ था। तुनिषा कथित तौर पर काफी तनाव में थी, यही वजह है कि उसने इतना बड़ा कदम उठाया। तुनिषा का पोस्ट मार्टम जेजे अस्पताल में आज सुबह किया गया। अधिकारियों ने बताया कि अटोप्सी सुबह 4.30 बजे की गई, इस दौरान 4-5 पुलिसकर्मी वहां मौजूद थे। शव को कोल्ड स्टोरेज में रखा गया है।

शो के सेट पर की आत्महत्या
बता दें कि तुनिशा शर्मा ने 24 दिसंबर को टीवी सीरियल के सेट पर आत्महत्या कर ली थी। वालिव पुलिस के अनुसार चाय के ब्रेक के दौरान अभिनेत्री टॉयलेट गई थी, लेकिन वह वापस नहीं लौटीं, जिसकी हमे जानकारी दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर टॉयलेट का दरवाजा तोड़ा तो देखा कि तुनिषा फांसी के फंदे से लटकी हैं। वालिव पुलिस ने शीजान खान को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया।

कई फिल्म, शो में किया काम
शीजान के खिलाफ पुलिस ने आईपीसी की धारा 306 के तहत केस दर्ज किया है। हालांकि पुलिस को सुसाइड लेटर नहीं मिला है। फिलहाल पुलिस इस मामले की हत्या और आत्महत्या दोनों ही पहलू से जांच कर रही है। टीवी सेट पर मौजूद लोगों का कहना है कि तुनिषा ने आत्महत्या की है। तुनिषा शर्मा ने अपने अभिनय की शुरुआत भारत का वीर पुत्र महाराणा प्रताप से की थी। उन्होंने इश्क शुभान अल्ला, गब्बर पूंछवाला, शेर ए पंजाब महाराणा रंजीत सिंह, चक्रवर्ती अशोक सम्राट जैसे शो में काम किया है। इसके अलावा फिल्म फितूर, बार-बार देखो, कहानी-2, दुर्गा रानी सिंह, दबंग 3 में भी वह नजर आ चुकी हैं।












Click it and Unblock the Notifications