Tiger Shroff फायरिंग केस में बड़ा खुलासा, आरोपियों ने नष्ट किए मोबाइल फोन, 31 अक्टूबर तक मिली पुलिस कस्टडी
Tiger Shroff Firing Case: टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई की किला कोर्ट में सुनवाई के दौरान पुलिस ने कई अहम दलीलें पेश कीं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन नष्ट कर दिए हैं और इस मामले के पीछे बड़ी साजिश होने की आशंका है। जांच एजेंसी ने पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने और हथियारों के स्रोत का पता लगाने के लिए आरोपियों की कस्टडी मांगी। वहीं बचाव पक्ष ने आरोपियों को निर्दोष बताते हुए पुलिस रिमांड का विरोध किया। कोर्ट ने तीनों आरोपियों को 31 अक्टूबर 2026 तक 10 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है।
पुलिस ने कोर्ट में बताई बड़ी साजिश की आशंका
सुनवाई के दौरान मुंबई पुलिस ने अदालत को बताया कि टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक इस मामले में गैंग के कथित मास्टरमाइंड अनिल पंडित का नाम भी सामने आया है। जांच एजेंसी का मानना है कि अपराध का दायरा बड़ा हो सकता है और इसके पीछे की पूरी साजिश को समझना जरूरी है।

आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन नष्ट कर दिए हैं
पुलिस ने ये भी बताया कि आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन नष्ट कर दिए हैं। ऐसे में मामले से जुड़े डिजीटल सबूतों और अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने के लिए विस्तृत पूछताछ की जरूरत है। पुलिस ने अदालत से आरोपियों की 14 दिन की कस्टडी देने की मांग की थी।
हथियार कहां से आए, इसकी जांच कर रही पुलिस
-मुंबई पुलिस के अनुसार मामले में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है। जांच एजेंसी ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फायरिंग में इस्तेमाल किए गए हथियार कहां से लाए गए थे और क्या इस घटना में किसी अन्य हथियार का भी इस्तेमाल किया जाना था।
-पुलिस ने कोर्ट को बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी सीसीटीवी फुटेज की जांच और बाइक को ट्रैक करने के बाद की गई। मामले में हत्या की कोशिश का आरोप भी लगाया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के सिलसिले में दूसरे राज्यों में भी जाना पड़ सकता है। इसके अलावा मामले से जुड़ी एक ऑडियो क्लिप का भी जिक्र किया गया।
सरकारी वकील ने रिमांड की मांग का समर्थन किया
-सुनवाई के दौरान सरकारी वकील ने दलील दी कि गिरफ्तार किए गए आरोपी पुलिस रिकॉर्ड में अपराधी हैं। उन्होंने मामले की गंभीरता और हत्या की कोशिश के आरोपों का हवाला देते हुए कहा कि आरोपियों से आगे पूछताछ करना जरूरी है। सरकारी पक्ष के मुताबिक पुलिस को ये भी पता लगाना है कि घटना में और कौन-कौन शामिल हो सकता है और आरोपियों को हथियार किसने मुहैया कराए।
-पुलिस ने ये भी बताया कि शुरुआती तीन आरोपियों के अलावा इस मामले से जुड़े अन्य लोगों को भी अलग-अलग राज्यों से गिरफ्तार किया गया है। जांच एजेंसी के अनुसार गिरफ्तारियों का सिलसिला दिल्ली, गुजरात और हरियाणा तक पहुंचा है। पुलिस इन सभी लोगों की भूमिका और कथित नेटवर्क के संबंधों की जांच कर रही है।
बचाव पक्ष ने कहा- आरोपियों का साजिश से संबंध नहीं
-दूसरी ओर आरोपियों के वकील ने अदालत में अपने मुवक्किलों को निर्दोष बताते हुए कहा कि उनका इस साजिश से कोई संबंध नहीं है। बचाव पक्ष ने दलील दी कि आरोपियों को संदेह के आधार पर गिरफ्तार किया गया है और उन्हें आगे पुलिस कस्टडी में रखने की जरूरत नहीं है।
-वकील के मुताबिक आरोपियों से पहले ही करीब 48 घंटे तक पूछताछ की जा चुकी है और उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर भी रखा गया था। बचाव पक्ष ने पुलिस की ओर से की गई बरामदगी का हवाला देते हुए आगे की पुलिस रिमांड का विरोध किया। वकील ने ये भी आरोप लगाया कि ट्रांजिट रिमांड की शर्तों का पालन नहीं किया गया।
-बचाव पक्ष ने अदालत से मांग की कि आरोपियों को पुलिस कस्टडी में भेजने के बजाय न्यायिक हिरासत में रखा जाए। वकील का कहना था कि यदि मामले में दूसरे लोगों के नाम और उनकी कथित भूमिका सामने आ रही है, तो उसकी जांच अलग से की जानी चाहिए।
31 अक्टूबर 2026 तक पुलिस कस्टडी में रहेंगे आरोपी
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने तीनों आरोपियों को 31 अक्टूबर 2026 तक 10 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया। अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर फायरिंग की घटना, हथियारों की सप्लाई और कथित साजिश से जुड़े पहलुओं की जांच करेगी। हालांकि मामले में आरोपियों की भूमिका और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कथित संबंधों को लेकर अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।


Click it and Unblock the Notifications
