The Kashmir Files: अब हिंदी के अलावा और भाषा के लोगों तक पहुंचेगी 'सच्चाई', मेकर्स ने किया यह फैसला
नई दिल्ली, 19 मार्च: कश्मीर से कश्मीरी पंडितों के नरसंहार और पलायन पर बनी फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' पूरे देश में चर्चाओं में है। सिनेमाघरों में फिल्म देखने के लिए लोगों की अच्छी खासी भीड़ उमड़ रही है। ज्यादातर शोज हाउसफुल जा रहे हैं। बॉक्स ऑफिस के साथ-साथ सोशल मीडिया पर फिल्म को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। हिंदी में अच्छी खासी सफलता मिलने के बाद अब 'द कश्मीर फाइल्स' को चार और भाषाओं में डब किया जाएगा।

चार भाषाओं में डब करने का फैसला
'द कश्मीर फाइल्स' ने अपनी रिलीजिंग के एक हफ्ते में 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। हिंदी में रिलीज हुई फिल्म के बाद अब निर्माताओं ने इसे चार भाषाओं में डब करने का फैसला किया है। ब्लॉकबस्टर फिल्म को तेलुगु, तमिल, मलयालम और कन्नड़ में भी डब किया जाएगा। फिल्म के बॉक्स ऑफिस पर सक्सेस के बाद अब यह फैसला किया गया है।

निर्देशक विवेक अग्निहोत्री को 'वाई' सुरक्षा कवर
फिल्म ने जहां सिनेमाघरों में काफी सुर्खियां बटोरी है, वहीं इसे आलोचना भी झेलनी पड़ रही है। इस बीच केंद्र सरकार ने फिल्म को लेकर उठे विवाद के बीच शुक्रवार को 'द कश्मीर फाइल्स' के निर्देशक विवेक अग्निहोत्री को 'वाई' सुरक्षा कवर देने का ऐलान किया है। विवेक रंजन अग्निहोत्री ने फिल्म को लिखा और डायरेक्ट किया है। कश्मीर से पलायन पर आधारित फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती, अनुपम खेर, दर्शन कुमार, पल्लवी जोशी और चिन्मय मंडलेकर सहित कई अभिनेताओं ने शानदार अभिनय किया है।

कश्मीरी के पलायन की कड़वी सच्चाई
फिल्म की कहानी की बात करें तो 'द कश्मीर फाइल्स' कश्मीरों पंडितों के साथ साल 1990 में कश्मीर विद्रोह के दौरान कश्मीरी पंडितों के नरसंहार और पलायन की कड़वी सच्चाई को बयां करती है। फिल्म को भाजपा शासित राज्य यूपी, गुजरात, हरियाणा, मध्य प्रदेश, गोवा और कर्नाटक सरकार ने टैक्स फ्री कर दिया है।

630 से 4000 हो गई स्क्रीन्स
आपको बता दें कि पल्लवी जोशी और विवेक रंजन अग्निहोत्री की बनाई गई द कश्मीर फाइल्स 11 मार्च 2022 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म को 15 करोड़ के छोटे बजट में तैयार किया गया था, जिसने अब तक 100 करोड़ का बिजनेस किया है। इसके अलावा पहले दिन जहां यह फिल्म 630 से ज्यादा स्क्रीन्स पर रिलीज हुई थी। वहीं अब दूसरे हफ्ते इसकी स्क्रीन्स बढ़कर 4000 हो गई हैं।












Click it and Unblock the Notifications