16वें दिन 'द कश्मीर फाइल्स' की कुल कमाई 250 करोड़ के पार, RRR से मिल रही है टक्कर
नई दिल्ली, मार्च 27। कश्मीरी पंडितों के पलायन के मुद्दे पर बनी फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' की रिकॉर्ड कमाई का सिलसिला अभी भी जारी है। रविवार को इस फिल्म की कमाई 250 करोड़ रुपए के पार हो गई। फिल्म के निर्देशक विवेक अग्निहोत्री ने इसकी जानकारी दी है। आपको बता दें कि शनिवार को फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 7.25 करोड़ रुपए की कमाई की थी, जो शुक्रवार के मुकाबले 2.75 करोड़ रुपए अधिक है। फिल्म 11 मार्च को बड़े पर्दे पर रिलीज हुई थी।

16 दिन के अंदर ढाई सौ करोड़ के पार पहुंची फिल्म
फिल्म के डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्टर शेयर करते हुए लिखा कि हमारी फिल्म की वर्ल्ड वाइड कमाई 250 करोड़ को पार कर गई है। पोस्टर में लिखा है, "द कश्मीर फाइल्स वर्ल्ड वाइड बॉक्स ऑफिस पर 16 दिन के अंदर 250 करोड़ को पार कर गई है। फिल्म का कुल कलेक्शन 252.45 करोड़ रुपए हो गया है। बॉक्स ऑफिस के तीसरे संडे पर 7.60 करोड़ की कमाई हुई है। #RightToJustice।"

RRR से कड़ी टक्कर मिल रही है द कश्मीर फाइल्स
आपको बता दें कि बड़े पर्दे पर इस वक्त फिल्म RRR से द कश्मीर फाइल्स को कड़ी टक्कर मिली है। एक मजबूत प्रतिद्वंदी के बावजूद भी फिल्म बेहतर कर रही है। रविवार को विवेक अग्निहोत्री की पोस्ट से पहले फिल्म ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने ट्विटर पर लिखा था कि RRR के सामने भी द कश्मीर फाइल्स की ग्रोथ लगातार हो रही है। आने वाले दिनों में फिल्म की कमाई 250 करोड़ को पार कर जाएगी। तरण आदर्श ने कहा था कि रविवार के बाद फिल्म का कुल कलेक्शन 250 करोड़ को पार कर जाएगा।

शुक्रवार के मुकाबले 65-70 फीसदी बढ़ा फिल्म का कलेक्शन
Boxofficeindia.com के अनुसार, "कश्मीर फाइल्स रिलीज के बाद तीसरे शनिवार को 7.50 करोड़ नेट रेंज में कलेक्शन के साथ उत्कृष्ट थी, जो पिछले दिन से 65-70% अधिक है। फिल्म ने अब लगभग 217.50 करोड़ का कुल कलेक्शन कर लिया है और तीसरे वीकेंड तक आसानी से 225 करोड़ रुपए पार कर जाएगी। RRR से मिल रही कड़ी टक्कर के बावजूद यह फिल्म अभी भी तीसरे वीकेंड में 35 करोड़ का बिजनेस कर सकती है।

देश में बहस का मुद्दा बन चुकी है फिल्म
आपको बता दें कि द कश्मीर फाइल्स को लेकर देश में एक बहस भी छिड़ी हुई है। सोशल मीडिया पर इस फिल्म को को लेकर दो ग्रुप बन गए हैं। एक ग्रुप ऐसा है जो इस फिल्म में दिखाए गए कश्मीर पंडितों के दर्द से आहत है तो वहीं दूसरा वर्ग इस फिल्म को प्रोपोगंडा करार दे रहा है। बॉलीवुड जगत भी इस फिल्म को लेकर बंटा हुआ नजर आ रहा है।
ये भी पढ़ें: The Kashmir Files देखने के बाद सलमान ने किया अनुपम खेर को फोन, जानिए क्या कहा?












Click it and Unblock the Notifications