संजय कपूर की मौत पर मां रानी कपूर का बड़ा खुलासा, बोलीं- 'बेटे की डेथ नेचुरल नहीं', कंपनी को लिखा ऐसा लेटर
Sunjay Kapur Mother Rani Kapur: बॉलीवुड एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के एक्स हसबैंड संजय कपूर का गत 12 जून 2025 को निधन हो गया था। संजय कपूर की मां रानी कपूर ने बेटे की मौत को संदिग्ध बताया है। रानी कपूर ने सोना कॉमस्टार और सेबी को पत्र लिखकर जांच की मांग की है।
संजय कपूर की मां रानी कपूर का चौंकाने वाला खुलासा
दिवंगत बिजनेसमैन संजय कपूर की मां रानी कपूर ने हाल ही में परिवार के स्वामित्व वाली सोना कॉमस्टार कंपनी की वार्षिक आम बैठक से कुछ घंटे पहले, 'बंद दरवाजों के पीछे दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने के लिए मजबूर किया गया और 'जीवित रहने के लिए कुछ चुनिंदा लोगों की दया पर छोड़ दिया गया जैसे आरोप लगाते हुए लेटर लिखा है।

बेटे की मौत को लेकर SEBI को रानी कपूर ने लिखा लेटर
-संजय कपूर की मौत के एक महीने बाद संजय की मां रानी कपूर ने कंपनी सोना कॉमस्टार और SEBI को एक पत्र लिखा है जिसमें उन्होंने बेटे की मौत को 'स्वाभाविक नहीं' बताया है। उनका कहना है कि जो कारण सामने आया है उससे कहीं ज्यादा कुछ छिपा हुआ है।
-सोना कॉमस्टार बोर्ड को लिखे एक इमोशनल लेटर में संजय कपूर की मां रानी कपूर ने खुद को सोना समूह, जिसमें सोना कॉमस्टार भी शामिल है, की बहुसंख्यक शेयरधारक बताया और कहा कि जून में इंग्लैंड में अपने बेटे की मौत के शोक में उन्हें बिना किसी स्पष्टीकरण के विभिन्न दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने के लिए मजबूर किया गया था।
बहू प्रिया सचदेव कपूर को लेकर उठाए ऐसे सवाल
-संजय कपूर की मां ने बोर्ड के उस फैसले पर सवाल उठाया जिसमें उनकी बहू प्रिया सचदेव कपूर को सबसे बड़े शेयरधारक के रूप में कंपनी ने नियुक्त किया था। रानी कपूर ने दावा किया कि उनको दबाव में कई दस्तावेजों पर साइन करने पड़े थे। फिलहाल उन्होंने मांग की है कि कंपनी की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) को दो हफ्ते के लिए स्थगित कर दिया जाए।
-संजय कपूर की मां ने अपने लेटर में लिखा है- अत्यधिक मानसिक और भावनात्मक परेशानी के बावजूद, मुझे बंद दरवाजों के पीछे ऐसे दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने के लिए मजबूर किया गया था। हालांकि मैंने बार-बार अनुरोध किया था कि ऐसे दस्तावेजों की विषय-वस्तु मुझे कभी नहीं बताई गई।
-रानी कपूर ने लिखा है- कृपया ये भी ध्यान दें कि मुझे अपने अकाउंट्स तक पूरी तरह से पहुंचने से वंचित कर दिया गया है और मुझे जीवनयापन के लिए कुछ चुनिंदा लोगों की दया पर छोड़ दिया गया है। ये सब मेरे इकलौते बेटे के निधन के एक महीने से भी कम समय में हुआ है।
-मां रानी कपूर ने अपने कुछ खास 'दुश्मनों' पर बेटे संजय कपूर के शोक में उनके परिवार की विरासत हड़पने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। सिर्फ इतना ही नहीं उन्होंने ये स्पष्ट किया है कि इस निर्णय में उनसे परामर्श नहीं लिया गया था।
वकील ने बताई सारी बात
पत्रकारों से बात करते हुए रानी कपूर के वकील वैभव गग्गर ने कहा- रानी कपूर, कपूर परिवार और सोना ग्रुप की हेड हैं। अपने इकलौते बेटे की मौत के सदमे से उबरने के दौरान, कुछ ऐसी घटनाएं घटी हैं जिनसे रानी कपूर जी के मन में न केवल मौत के तरीके को लेकर, बल्कि विरासत को लेकर भी कुछ आशंकाएं पैदा हो गई हैं।












Click it and Unblock the Notifications