'अचानक से आया CID को बंद करने का फरमान', ACP प्रद्युमन बोले- हमें अनवांटेड फील कराया गया
मुंबई, 05 फरवरी। टेलीविजन के लोकप्रिय शो 'सीआईडी' ने करीब 20 वर्षों तक दर्शकों का मनोरंजन किया। 'सीआईडी' का नाम टीवी के सबसे लंबे शोज में शुमार है, हालांकि अब इस धारावाहिक को बंद कर दिया गया है। आज भी सीआईडी के फैंस एसीपी प्रद्युमन, दया और अभिजीत को मिस करते हैं, सोशल मीडिया पर इन पर बने मीम्स को भी खूब पसंद किया जाता है। शो में एसीपी प्रद्युमन की भूमिका निभाने के लिए मशहूर दिग्गज एक्टर शिवाजी साटम ने 'सीआईडी' बंद होने के बाद अपनी फीलिंग्स को बयां किया है।

सीआईडी का पहला और आखिरी एपिसोड
आपको जानकर हैरानी होगी कि सीआईडी का पहला एपिसोड 21 जनवरी, 1998 को ऑन एयर हुआ था और आखिरी एपिसोड 28 अक्टूबर, 2018 को टीवी पर दिखाया गया था। ये शो की लोकप्रियता और टीआरपी ही थी जिसकी वजह से टीवी पर कालकारों ने इनते सालों तक दर्शकों का मनोरंजन किया। हालांकि जब शो ऑफ एयर हुआ तो इससे जुड़े कलाकार और टीम के सदस्य भावुक हो गए थे। हाल ही में शिवाजी साटम ने अपना एक्सपीरिएंस शेयर किया है।

एसीपी प्रद्युमन ने बयां किया दर्द
सीआईडी में एसीपी प्रद्युमन का एक अलग ही स्टाइल था, उनके डायलॉग आज भी लोगों की जुबान पर हैं। एक्टर शिवाजी साटम ने अपनी दमदार एक्टिंग से इस किरदार को अमर कर दिया है। सीआईडी के बंद होने को लेकर एक इंटरव्यू में शिवाजी साटम ने कहा है कि उन्हें कभी पता नहीं चला कि क्या गलत हुआ और शो को क्यों बंद कर दिया गया? सीआईडी की टीम खुद को 'अनचाहा' हुआ महसूस किया क्योंकि शो का स्लॉट बदलकर देर रात में कर दिया गया था।

अचानक से बंद हो गया शो
2018 में बंद होने के 2 साल बाद जब सीआईडी का नया सीजन लाने का प्लान बना तो 2020 में कोरोना वायरस के चलते इंडस्ट्री को काफी नुकसान हुआ। शो के ऑफ-एयर होने के बारे में जानने के दिन को याद करते हुए शिवाजी ने कहा, 'उस दिन शुक्रवार था और हमें बताया गया था कि सोमवार हमारा आखिरी दिन होगा। यहां तक कि हमारे निर्माताओं को भी पता नहीं था। लेकिन हां, एक बात थी कि हम पिछले एक साल से अलग महसूस कराया जा रहा था। हमें धक्का दिया जा रहा था - हमारा शो रात 10:00 बजे के स्लॉट से 10:30 पर आ गया था।'

हमें अवांछित महसूस कराया गया
एक्टर शिवाजी ने आगे कहा, 'फिर, शो देर से ऑन-एयर होने लगा, मान लीजिए 10:40 पर, इसके बाद धीरे-धीरे हमें रात 11 बजे के आस-पास ही ऑन एयर किया जाने लगा। जो कुछ भी हो रहा था वह दुखद था, हम समझ सकते थे कि कुछ गड़बड़ है, कुछ है गलत। हम अवांछित महसूस करने लगे, लेकिन फिर यह चैनल का निर्णय था। हम कुछ नहीं कर सके।' पिछले महीने शिवाजी बताया था कि वह फिर से एसीपी प्रद्युमन का किरदार निभाने को तैयार हैं, लेकिन सीआईडी के निर्माता इस लोकप्रिय शो को एक अलग प्रारूप में फिर से शुरू करने की योजना बना रहे हैं।

फिर शुरू हो सकता है शो!
उन्होंने कहा था, कल अगर सीआईडी फिर से शुरू होता है, मैं प्रोजेक्ट करने के लिए सबसे आगे रहूंगा। मैं इस किरदार को निभाते-निभाते नहीं थका, लेकिन घर में रह कर थक गया हूं। निर्माता एक अलग तरह के प्रारूप में सीआइडी को पुनर्जीवित करने की बात कर रहे हैं। हां, बातचीत चल रही है, लेकिन कुछ स्पष्ट सामने नहीं आया है, यह अभी भी सिर्फ फुसफुसाहट है। बता दें कि आखिरी बार शिवाजी को तापसी पन्नू की फिल्म हसीन दिलरुबा में देखा गया था।
यह भी पढ़ें: अफसरों की ऐसी हरकतों से तंग CID कांस्टेबल अंजना हुईं लापता, 9 माह बाद वृंदावन में इस हाल में मिलीं












Click it and Unblock the Notifications