मौत के बाद सामने आया धर्मेंद्र का आखिरी वीडियो, इस हालत में आए नजर, बेटे बॉबी देओल ने किया शेयर
दिवंगत एक्टर धर्मेंद्र से जुड़ा एक भावुक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो उनके बेटे बॉबी देओल ने इंस्टाग्राम पर साझा किया है, जिसे देखकर फैंस भावुक हो गए। क्लिप फिल्म 'इक्कीस' के सेट की है, जहां धर्मेंद्र अपनी शूटिंग के अनुभव साझा करते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो फिल्म के रैप-अप के दौरान रिकॉर्ड किया गया था।

सेट पर धर्मेंद्र के भावुक शब्द
वीडियो में धर्मेंद्र कहते हैं कि वह इस फिल्म का हिस्सा बनकर बेहद खुश हैं। उन्होंने पूरी टीम और निर्देशक कैप्टन श्रीराम राघवन के साथ काम करने के अनुभव को खास बताया। धर्मेंद्र ने शूटिंग की तारीफ करते हुए कहा कि फिल्म बहुत अच्छे तरीके से पूरी की गई है और सेट पर काम करने का माहौल बेहद पॉजिटिव रहा। बता दें, ये वीडियो बॉबी ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया है।
भारत-पाकिस्तान दोनों के लिए संदेश
अपने संदेश में धर्मेंद्र ने यह भी कहा कि उन्हें लगता है यह फिल्म भारत और पाकिस्तान-दोनों देशों के लोगों को देखनी चाहिए। यह बात उनके अनुभव और फिल्म की संवेदनशील थीम को दर्शाती है। शूटिंग के आखिरी दिन वे भावुक हो गए और बोले कि वह खुश भी हैं और थोड़ा उदास भी, क्योंकि यह उनका अंतिम शूटिंग डे है। धर्मेंद्र ने वीडियो में पूरी टीम के प्रति अपना प्यार जाहिर करते हुए कहा कि अगर उनसे किसी तरह की कोई गलती हुई हो, तो उसके लिए माफी चाहते हैं। उनका यह सादगी भरा और आत्मीय अंदाज दर्शकों के दिल को छू गया। बॉबी देओल ने इस वीडियो के साथ "लव यू, पापा" लिखकर अपनी भावनाएं भी जाहिर कीं।
'इक्कीस' की रिलीज और कहानी
श्रीराम राघवन के निर्देशन में बनी 'इक्कीस' अब 1 जनवरी 2026 को रिलीज होने वाली है। पहले यह फिल्म 25 दिसंबर को रिलीज होनी थी, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर' के चलते इसकी तारीख आगे बढ़ाई गई। फिल्म 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध पर आधारित है। इस फिल्म में अगस्त्य नंदा ने 21 वर्षीय सेकंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल का किरदार निभाया है, जबकि धर्मेंद्र उनके पिता की अहम भूमिका में नजर आएंगे। जयदीप अहलावत और सिमर भाटिया भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। ग्रामीण इलाकों में शूट की गई इस फिल्म का ट्रेलर और धर्मेंद्र की कविता 'पिंड अपने नूं जावां' पहले ही दर्शकों पर गहरा असर छोड़ चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications