Sanjay Gupta की मौत के बाद बेटी ने सरेआम किया अश्लील इशारा, मां अनुराधा ने मांगी माफी, 'पिता के चलते सदमे में'
Sanjay Gupta Death: फिल्ममेकर संजय गुप्ता के निधन के बाद उनका परिवार गहरे सदमे से गुजर रहा है। इस बीच उनकी 13 साल की बेटी दलई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें वह कथित तौर पर पैपराजी की ओर आपत्तिजनक इशारा करती नजर आ रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई है। अब संजय गुप्ता की पत्नी अनुराधा लेखी गुप्ता ने इस मामले पर बयान जारी करते हुए बेटी का बचाव किया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वह बच्चों की भावनाओं को समझें और परिवार को इस मुश्किल घड़ी में अकेला छोड़ दें।
बेटी के वायरल वीडियो पर अनुराधा लेखी ने दी सफाई
संजय गुप्ता के अंतिम संस्कार के बाद सोशल मीडिया पर उनकी बेटी दलई का एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ। इसमें वह कथित तौर पर पैपराजी को मिडल फिंगर दिखाती नजर आईं। वीडियो को लेकर इंटरनेट पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं। इसी बीच लेखक और निर्देशक मिलाप जावेरी ने अनुराधा लेखी गुप्ता का एक बयान अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है।

'हमारे जीवन का एक हिस्सा हमेशा के लिए दूर हो गया'
-इस बयान में अनुराधा लेखी ने माना है कि दुख और सदमे की स्थिति में बच्चों की ओर से मीडिया के कुछ लोगों के प्रति तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली होगी। उन्होंने कहा कि अगर इस व्यवहार से किसी को ठेस पहुंची है तो उन्हें इसका अफसोस है। हालांकि उन्होंने लोगों से ये भी समझने की अपील की है कि ये प्रतिक्रियाएं अपने पिता को खो चुके बच्चों के दर्द और भावनात्मक स्थिति का नतीजा हैं।
-अनुराधा लेखी ने अपने बयान में पति संजय गुप्ता को खोने के दर्द को भी बयां किया। उन्होंने लिखा कि उनके परिवार की जिंदगी का एक अहम हिस्सा हमेशा के लिए उनसे दूर हो गया है और इस खालीपन को कभी भरा नहीं जा सकता। उन्होंने इस कठिन समय में परिवार को प्यार, संवेदनाएं और हिम्मत देने वाले रिश्तेदारों, दोस्तों, संजय गुप्ता के फैंस और मीडिया का आभार जताया।
-संजय गुप्ता की मौत के बारे में जानकारी देते हुए अनुराधा लेखी ने बताया कि वह एक दुर्घटना में गिर गए थे, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोट आई। इसी वजह से उनका असामयिक निधन हो गया। उन्होंने कहा कि संजय अपने परिवार और बच्चों से बेहद प्यार करते थे। उनके दोनों बच्चे अभी किशोरावस्था में हैं और अचानक पिता को खोने के कारण गहरे सदमे में हैं।
'बच्चों को माफ कर दीजिए और उन्हें प्राइवेसी दीजिए'
-अनुराधा लेखी ने अपने मैसेज में खास तौर पर मीडिया और सोशल मीडिया यूजर्स से बच्चों के प्रति संवेदनशील रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिक्रियाओं को उनके दुख के संदर्भ में देखा जाना चाहिए। एक ऐसे नुकसान से गुजर रहे बच्चों से सामान्य व्यवहार की उम्मीद करना ठीक नहीं है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती।
-अनुराधा ने लोगों से अनुरोध किया कि दलई और शिवांश को माफ कर दें और उनके वायरल वीडियो या ऐसे किसी भी कंटेंट को हटा दें, जो उनके मन पर बुरा असर डाल सकता है। अनुराधा के मुताबिक इस समय उनके बच्चों को सबसे ज्यादा जरूरत प्राइवेसी, संवेदना और शांति की है ताकि वो अपने पिता के जाने के गम से उबर सकें।
घर में गिरने से हुई थी संजय गुप्ता की मौत
फिल्ममेकर संजय गुप्ता का 30 अक्टूबर 2026 को 57 साल की उम्र में निधन हो गया था। सामने आई जानकारी के मुताबिक वह देर रात घर में गिर गए थे और उनका सिर किचन के काउंटरटॉप से टकरा गया था। हादसे के वक्त परिवार सो रहा था। बाद में जब पत्नी और बच्चे जागे तो संजय गुप्ता फर्श पर बेसुध पड़े मिले। इस मामले में वर्सोवा पुलिस ने एक्सीडेंटल डेथ का केस दर्ज किया है। पुलिस मौत के हालात और कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक अब तक किसी साजिश या गड़बड़ी का सबूत सामने नहीं आया है।
दो बार शादी के बंधन में बंधे थे संजय और अनुराधा
-संजय गुप्ता और अनुराधा लेखी की निजी जिंदगी भी कई उतार-चढ़ाव से गुजरी। दोनों ने साल 1997 में शादी की थी लेकिन 2003 में उनका तलाक हो गया। इसके करीब 6 साल बाद 2009 में दोनों ने एक बार फिर शादी कर ली। उनके दो बच्चे हैं, बेटी दलई और बेटा शिवांश। अनुराधा साल 2024 में मिसेज वर्ल्ड इंटरनेशनल का खिताब भी जीत चुकी हैं।
-संजय गुप्ता ने 'आतिश: फील द फायर' से साल 1994 में फिल्म मेकिंग की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने 'कांटे', 'जंग', 'मुसाफिर', 'शूटआउट एट वडाला' और 'काबिल' जैसी फिल्मों का निर्देशन किया। उनके निधन के बाद जहां फिल्म इंडस्ट्री उन्हें याद कर रही है, वहीं परिवार इस अपूरणीय क्षति से उबरने की कोशिश कर रहा है।


Click it and Unblock the Notifications
