कैटरीना की पार्टी में हाथापाई पर उतर गए थे सलमान-शाहरुख, ऐश्वर्या थीं वजह!
मुंबई, 28 दिसंबर: सलमान खान और शाहरुख खान में इन दिनों काफी अच्छी दोस्ती है। सलमान और शाहरुख बीते कुछ सालों में एक दूसरे की फिल्मों में कैमियों भी करते नजर आए हैं। ये भी कहा जाता है कि दोनों एक दूसरे की फिल्म में छोटे-मोटे रोल के लिए फीस भी नहीं लेते हैं। सलमान ने एक दिन पहले ही कहा है कि वो शाहरुख की आने वाली फिल्म पठान में दिखेंगे। आज भले ही दोनों स्टार में दोस्ती है लेकिन एक वक्त ऐसा भी था जब दोनों एक दूसरे से मारपीट तक पर उतारु हो गए थे।

कैटरीना के बर्थडे में हुई थी लड़ाई
साल 2008 में सलमान और शाहरुख के बीच लड़ाई सबके सामने आई थी। दरअसल दोनों कटरीना कैफ की बर्थडे पार्टी में पहुंचे थे। यहां कथित तौर पर सलमान ने उनको ताना मार दिया। इस पर शाहरुख खान भड़क गए। दोनों के बीच पहले बहस हुई और फिर दोनों एक दूसरे की ओर बढ़े तो बात हाथापाई तक पहुंच गई। मामला बढ़ते देख शाहरुख की पत्नी गौरी और कैटरीना बीच में आए और दोनों को अलग किया।

ऐश्वर्या के चलते थी ये लड़ाई?
शाहरुख और सलमान के बीच इस झगड़े की शुरुआत 2002 में हुई थी और इसकी वजह ऐश्वर्या राय मानी जाती हैं। 2002 में शाहरुख और ऐश्वर्या फिल्म 'चलते चलते' में काम कर रहे थे। वहीं इस दौरान सलमान और ऐश्वर्या के रिश्ते में खटास आने लगी थी। सलमान को जब ऐश्वर्या के शाहरुख के साथ काम करने का पता चला तो वो 'चलते चलते' के सेट पर पहुंच गए और कुछ ऐसा किया कि उनकी शाहरुख से बात खराब हो गई और ऐश्वर्या को भी फिल्म छोड़नी पड़ी। इसके बाद फिल्म में रानी मुखर्जी को लिया गया। इसके बाद सलमान और ऐश्वर्या के बीच झगड़ा सामने आया तो शाहरुख खान से भी उनकी कड़वाहट बढ़ गई। जिसके नतीजे में 2008 में कैटरीना की पार्टी में बात इतनी ज्यादा बढ़ी।

कई साल बाद दोनों के बीच हुई बात
2008 के इस वाकये के बाद कई साल तक दोनों के बीच बातचीत बंद रही। कई साल बाद राजनेता बाबा सिद्दीकी बीच बचाव के लिए आगे गए। 2013 में बाबा सिद्दिकी ने एक इफ्तार पार्टी में दोनों को पास बुलाया और हाथ मिलवाए। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और दोनों ही कड़वाहट को भुलाकर आगे बढ़े।

शाहरुख ने की थी खुलकर बात
सलमान खान के साथ रिश्ते को लेकर शाहरुख ने 2018 में एक इंटरव्यू में बात की थी। शाहरुख ने बताया था सलमान के साथ उनकी अनबन निजी कारणों से थी। शाहरुख ने ये भी कहा था कि सलमान के साथ लड़ाई को लेकर उनको काफी खराब लगा था। उन्होंने कहा था, मैं सलमान के साथ इस घटना को लेकर शर्मिंदा था। उम्मीद करता हूं कि फिर कभी ऐसा ना हो। मुझे नहीं समझ आ रहा था कि बच्चों को कैसे समझाऊं। ये तो अच्छा हुआ कि मेरे बच्चे न्यूज पेपर नहीं पढ़ते तो उन्हें इस घटना के बारे में ज्यादा नहीं पता था।

कई लोगों ने कान भी भरे
शाहरुख और सलमान ने कुछ दिन पहले एक प्रोग्राम में ये भी कहा था कि जब दोनों की बातचीत बंद थी तो कई लोग इसका फायदा लेने की कोशिश करते थे। कई लोग आकर कान भरते थे कि सलमान ये कह रहा है, वो कह रहा है लेकिन दोनों ही जानते थे कि इसके पीछे का सच क्या है। ऐसे में कभी दोनों ने इसका विश्वास नहीं किया।












Click it and Unblock the Notifications