'सलमान खान को डराना था, मारना नहीं लेकिन...', Galaxy पर गोली चलाने वाले शूटर्स ने किए चौंकाने वाले खुलासे
Salman Khan Firing Case: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के घर गैलेक्सी अपार्टमेंट पर हुई फायरिंग मामले में हर दिन नए-नए खुलासे हो रहे हैं। वहीं खबर है कि 10 दिनों की पुलिस रिमांड पर भेजे गए दोनों शूटर्स ने पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया है कि सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट पर 4 नहीं, बल्कि दो मैगजीन (लगभग 10 गोलियां) खाली करने के ऑर्डर दिए गए थे।
शूटर्स को मिलने वाला था अच्छा ईनाम
पुलिस से मिली जानकरी के अनुसार अगर दोनों शूटर्स ऐसा करने में कामयाब हो जाते तो फेमस होने के साथ-साथ उन्हें अच्छा ईनाम भी मिलने वाला था। इस मामले में गवाह के तौर पर क्राइम ब्रांच जल्द ही सलमान खान का बयान दर्ज करेगी। दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया है कि जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल ने उन्हें काम पर रखा था।

'सलमान को मारना नहीं, डराना चाहते थे'
गिरफ्तार किए गए सागर पाल और विक्की से जब पुलिस ने पूछताछ की तो उन दोनों ने बताया कि उनका इरादा सलमान खान को मारने का नहीं, बल्कि डराने का था। उन्होंने एक्टर को सिर्फ डराने के मकसद से ही फायरिंग की थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूछताछ के लिए पुलिस ने 6 और लोगों को भी बुलाया है।
आरोपियों को अनमोल बिश्नोई गाइड कर रहा था
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार इन दोनों आरोपियों ने सलमान खान के मुंबई स्थित घर यानी गैलेक्सी अपार्टमेंट के अलावा उनके पनवेल स्थित फार्महाउस की भी रेकी की थी। उन्हें लॉरेंस बिश्नोई का भाई अनमोल ही गाइड कर रहा था। उसी ने दोनों शूटर्स को सलमान के घर पर फायरिंग करने का ऑर्डर दिया था।
आरोपियों को मिली थी 4 लाख रुपये की सुपारी
पुलिस ने बताया कि सागर पाल और विक्की गुप्ता को सलमान खान के घर पर गोलीबारी करने के लिए 4 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी, जिसमें से एक लाख रुपए की पेमेंट उन्हें पहले ही कर दी गई थी। बाकी पैसे काम होने के बाद देने की बात तय हुई थी।
4 बार हुई थी सलमान खान के घर की रेकी
इस मामले में ज्वॉइंट पुलिस कमिश्नर ऑफ पुलिस (क्राइम) लक्ष्मी गौतम ने कहा है- विक्की 10वीं पास है और सागर 8वीं। हम जांच कर रहे हैं कि क्या उनके खिलाफ कोई पिछला मामला है। उन्होंने पैसों के लिए बिश्नोई के आदेश पर गोलीबारी की और शुरुआती जांच से पता चलता है कि उन्होंने तीन से चार बार सलमान खान के घर की रेकी की थी।
दोनों आरोपियों को मुंबई के बांद्रा इलाके में देखा गया था
लक्ष्मी गौतम ने कहा- दोनों आरोपियों को मुंबई के बांद्रा इलाके में ताज लैंड्स एंड के पास देखा गया था। साथ ही इस बात का भी पता लगाया जा रहा है कि क्या उन पर महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गेनाइज्ड क्राइम एक्ट (MCOCA) लागू किया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications