बुलेटप्रूफ शीशे के पीछे Salman Khan का 'Sikandar' अंदाज, पुलिस के पहरे में यूं दी फैन्स को ईद की मुबारकबाद
Salman Khan: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान (Salman Khan Eid 2025) ने ईद के मौके पर अपने फैंस को खास अंदाज में बधाई दी। इस बार उन्होंने अपने गैलेक्सी अपार्टमेंट की बालकनी से नहीं, बल्कि बुलेटप्रूफ ग्लास के पीछे खड़े होकर अपने प्रशंसकों का अभिवादन किया। सुरक्षा कारणों से उनके घर के आसपास भारी पुलिस तैनात रही।
31 मार्च को सलमान खान ने सफेद कुर्ता-पायजामा पहना और अपने बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर जमा भारी भीड़ को देखकर मुस्कुराए। उनके साथ उनकी बहन अर्पिता खान के बच्चे आयत और आहिल भी मौजूद थे। सलमान ने हाथ हिलाकर फैंस का शुक्रिया अदा किया और सभी को ईद की मुबारकबाद दी।

सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों में वह अपनी भतीजी आयत को गोद में उठाकर पोज देते नजर आ रहे हैं। सलमान ने इंस्टाग्राम पर भी एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वो अपने घर के बाहर इकट्ठा हुई भीड़ का अभिवादन कर रहे हैं। उन्होंने कैप्शन में लिखा, 'शुक्रिया शुक्रिया और सबको ईद मुबारक!'
सुरक्षा के बीच 'सिकंदर' की रिलीज
सलमान खान इन दिनों गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके गिरोह से मिल रही जान से मारने की धमकियों के चलते कड़ी सुरक्षा में रह रहे हैं। इसी कारण उन्होंने अपने घर पर बुलेटप्रूफ ग्लास लगवाया है और हाल ही में बुलेटप्रूफ कार भी खरीदी है। शूटिंग के दौरान भी वह अपनी सिक्योरिटी के साथ चलते हैं।
इसी बीच उनकी फिल्म 'सिकंदर' 29 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। पहले दिन इसने भारत में करीब 30 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। ईद के मौके पर फिल्म की कमाई में उछाल आने की उम्मीद है और यह पहले हफ्ते में 100 करोड़ क्लब में एंट्री कर सकती है।

फिल्म 'सिकंदर' की स्टारकास्ट और कहानी
साजिद नाडियाडवाला के बैनर तले बनी इस फिल्म में सलमान खान के साथ सत्यराज, रश्मिका मंदाना, काजल अग्रवाल और शरमन जोशी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म को दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिल रही है, लेकिन सलमान के फैंस इसे बड़े स्तर पर सपोर्ट कर रहे हैं।
अब देखना यह होगा कि 'सिकंदर' बॉक्स ऑफिस पर कितना धमाल मचाती है और सलमान खान अपनी अगली फिल्म का ऐलान कब करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications