जान से मारने की धमकियों पर अब सलमान खान ने तोड़ी चुप्पी, कहा- दुबई में सुरक्षित हूं, भारत में ही समस्या है
Salman Khan Statement On Security: बिश्नोई गैंग से मिल रही मौत की धमकियों के बीच सलमान खान को मुंबई पुलिस ने वाई (Y) कैटेगरी की सुरक्षा मुहैया कराई थी।

Salman Khan Statement On Security: बॉलीवुड एक्टर सलमान खान को लगातार बिश्नोई गैंग की तरफ से जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। ऐसे में अब भाईजान ने अपनी सुरक्षा को लेकर खुलकर बात की और खुद बताया है कि वह इससे किस तरह से निपट रहे हैं। दुबई में मौजूद सलमान खान ने एक खास इंटरव्यू में बताया कि उन्हें अब धमकियों का कोई डर नहीं है क्योंकि वह यूएई में पूरी तरह से सुरक्षित हैं। सलमान खान ने कहा कि भारत में ही सारी समस्याएं हैं। भाईजान ने ये भी कहा कि उन्हें जो कुछ भी करने के लिए कहा गया है वह सही से कर रहे हैं और बहुत सावधान हो गए हैं।
सलमान खान की वाई कैटेगरी की सिक्योरिटी
बिश्नोई गैंग से मिल रही मौत की धमकियों के बीच सलमान खान को मुंबई पुलिस ने वाई (Y) कैटेगरी की सुरक्षा मुहैया कराई थी। लॉरेंस बिश्नोई गैंग से धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद महाराष्ट्र सरकार ने सलमान खान को सुरक्षा एस्कॉर्ट भी सौंपा था। आपको बता दें कि इसी साल मार्च और अप्रैल महीने में सलमान खान को बिश्नोई गैंग की तरफ से धमकी भरा कॉल और दो अलग-अलग लोगों से ई-मेल मिले थे।

सलमान खान ने कहा- मैं दुबई में सुरक्षित हूं
वहीं आप की अदालत में बात करते हुए सलमान ने कहा- सुरक्षा असुरक्षा से बेहतर है। हां मैं अब सुरक्षित हूं। लेकिन मुंबई की सड़क पर साइकिल चलाना और अकेले कहीं भी जाना मेरे लिए अब संभव नहीं हो रहा है। अब मुझे ये समस्या है कि जब मैं ट्रैफिक में होता हूं, तब मेरे साथ इतनी सुरक्षा होती है कि उससे दूसरे लोगों को असुविधा पैदा होने लगती है।
'भारत में मुझे खतरा महसूस हो रहा है'
सलमान खान ने आगे कहा- सड़क पर सभी लोग मुझे देखते हैं और मेरे फैंस मुझसे नाराज भी होते हैं। खतरा है इसलिए सुरक्षा है। मैं जो कुछ भी कर रहा हूं वह मुझे करना ही है। सलमान खान ने आगे कहा- उन्हें एक बार भाग्यशाली होना है, मुझे 100 बार भाग्यशाली होना है। इसलिए मुझे बहुत सावधान रहना होगा।

'मेरे आसपास बहुत से शेर मौजूद हैं'
सलमान खान ने आगे कहा- मैं भारत में पूरी सुरक्षा के साथ हर जगह जा रहा हूं। लेकिन दुबई में तो किसी चीज की जरूरत भी नहीं है, यहां पर मैं पूरी तरह से सुरक्षित हूं। इंडिया के अंदर ही समस्या है। दुबई पूरी तरह से सुरक्षित है। मुझे पता है कि जो भी होने वाला है वह होगा चाहे आप कुछ भी कर लें। मुझे विश्वास है कि भगवान है और वह मेरी रक्षा करेगा। लेकिन इसके लिए ऐसा नहीं है कि मैं खुलेआम घूमना शुरू कर दूं। अब मेरे आसपास इतने सारे शेर हैं। मेरे साथ इतनी बंदूकें चल रही हैं कि मैं इन दिनों डर गया हूं।
सलमान खान को फोन पर मिली थी धमकी
आपको बता दें कि हाल ही में एक नाबालिग लड़के ने सलमान खान को फोन पर जान से मारने की धमकी दी थी जिसे मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में कहा कि गत 10 अप्रैल को मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम को एक धमकी भरा कॉल किया गया था और फोन करने वाले ने 30 अप्रैल को सलमान को 'खत्म' करने की धमकी दी थी।
सलमान खान को भेजा गया था धमकी भरा ई-मेल
वहीं सलमान खान को धमकी भरा ई-मेल भेजने के आरोप में गत 26 मार्च को एक और शख्स को गिरफ्तार किया गया था। उसे पकड़कर हिरासत में ले लिया गया था। इस बारे में बांद्रा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था। आरोपी ने ई-मेल में लिखा था कि सलमान खान का हाल भी पंजाबी सिंगर 'सिद्धू मूसेवाला' जैसा ही होगा।












Click it and Unblock the Notifications