Praveen Kumar RIP: नहीं रहे महाभारत के 'भीम' प्रवीण कुमार सोबती, लंबे समय से थे बीमार
नई दिल्ली, 08 फरवरी। अभी देश स्वरकोकिला लता मंगेशकर के निधन के दर्द से उबर ही नहीं पाया था कि एक और मनहूस खबर ने लोगों को फिर से दुखी कर दिया है। बीआर चोपड़ा के ऐतिहासिक शो महाभारत में 'भीम' का किरदार निभाने वाले अभिनेता प्रवीण कुमार सोबती का निधन हो गया है। उन्होंने 74 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया। बताया जा रहा है कि प्रवीण कुमार सोबती लंबे समय से बीमारी और आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे। उनके निधन की खबर से एक बार फिर मनोरंजन जगत शोक में डूब गया है।
Recommended Video

प्रवीण कुमार ने अपने करियर की शुरुआत एक खिलाड़ी के रूप में की थी
आपको बता दें कि प्रवीण कुमार ने अपने करियर की शुरुआत एक खिलाड़ी के रूप में की थी। प्रवीण हैमर और डिस्कस थ्रो एथलीट रहे हैं। उन्होंने एशियन गेम्स में 2 स्वर्ण, 1 रजत और 1 कांस्य पदक जीता था , उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स में भी मेडल जीता था। उनके खेल में अभूतपूर्व योगदान के लिए वो अर्जुन अवॉर्ड से भी सम्मानित किए गए थे। उन्हें सरकार की ओर से BSF की नौकरी मिली थी, जहां कुछ दिन काम करने के बाद उन्होंने नौकरी छोड़ दी और उन्होंने एक्टिंग की ओर रुख किया।

कई फिल्मों में एक्शन सीन किए
टाइम्स ऑफ इंडिया के साथ एक साक्षात्कार में, प्रवीण ने अपनी पहली बॉलीवुड फिल्म साइन करने को याद किया था। उन्होंने कहा था कि जब वह एक टूर्नामेंट के लिए कश्मीर में थे, तभी उनकी मुलाकात रविकांत नागाइच से हुई थी जिनके निर्देशन में बनी एक फिल्म में प्रवीण ने काम किया था लेकिन उस फिल्म में उनका कोई संवाद नहीं था। उसके बाद उन्होंने कई फिल्मों में एक्शन सीन किए लेकिन उनको लोकप्रियता हासिल हुई अमिताभ बच्चन की सुपरहिट फिल्म 'शहंशाह' के मुख्तार सिंह के रोल से।

लोग उन्हें भीम ही कहकर पुकारते थे
प्रवीण ने इसके अलावा 'करिश्मा कुदरत का',' युद्ध, ज़बरदस्त, सिंघासन, खुदगर्ज, लोहा, मोहब्बत के दुश्मन, इलाका जैसी फिल्मों में काम किया। लेकिन बीआर चोपड़ा के महाभारत शो में वो भीम की भूमिका निभाकर अमर हो गए, वो जहां भी जाते थे लोग उन्हें भीम ही कहकर पुकारते थे।

आर्थिक तंगी के शिकार प्रवीण कुमार
हालांकि इतनी लोकप्रियता हासिल करने के बाद भी 6 फिट 6 ईंच के प्रवीण कुमार के अंतिम दिन आर्थिक तंगी में बीते, उन्होंने मदद के लिए सरकार से गुहार भी लगाई थी।
सरकार ने उन्हें पेंशन नहीं दी
पिछले साल उन्होंने एक मीडिया वेबसाइट से बात करते हुए बताया था कि वो स्पाइन की समस्या से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा था कि जितने भी एशियन गेम्स या मेडल जीतने वाले प्लेयर थे, उन सभी को पेंशन दी गई, लेकिन सरकार ने उन्हें पेंशन नहीं दी। उन्होंने कई बार इस बात के लिए सरकार के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की थी।

भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए थे प्रवीण कुमार
2013 में प्रवीण ने राजनीति में अपना करियर बनाने की कोशिश की और दिल्ली के वज़ीरपुर निर्वाचन क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा, लेकिन हार गए। इस हार के बाद वे भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए थे।












Click it and Unblock the Notifications