Rohit Shetty Firing मामले में शॉकिंग खुलासा, 5वां आरोपी फरार, 'पुणे की स्कूटी' से जुड़े ये कैसे तार?
Rohit Shetty Firing: मुंबई में सिलेब्रिटीज की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा करने वाली घटना में फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास के बाहर हुई फायरिंग की जांच अब तेज रफ्तार पकड़ चुकी है। मुंबई क्राइम ब्रांच ने इस मामले में कई अहम कड़ियों को जोड़ा है, जिनसे एक सुनियोजित साजिश, पुणे मॉड्यूल और लॉरेंस बिश्नोई गैंग के वांछित सदस्य शुभम लोणकर तक तार जुड़ते दिख रहे हैं।
देर रात फायरिंग की आवाज, जिम के शीशे पर लगी गोली
गत 31 जनवरी 2026 की देर रात 12:45 बजे रोहित शेट्टी के 9 मंजिला टॉवर पर पांच राउंड फायरिंग हुई थी। इनमें से एक गोली बिल्डिंग के जिम के शीशे पर जा लगी। उस समय रोहित शेट्टी बिल्डिंग की 7वीं मंजिल पर मौजूद थे लेकिन सौभाग्य से वह सुरक्षित रहे। शुरुआत में सिक्योरिटी गार्ड को लगा कि बाहर पटाखे फूट रहे हैं लेकिन सीसीटीवी फुटेज ने पूरी तस्वीर साफ कर दी।

स्कूटी बना साजिश की सबसे अहम कड़ी
-क्राइम ब्रांच की जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार 4 आरोपियों में से दो पुणे से एक स्कूटी लेकर मुंबई पहुंचे थे। इस स्कूटी को रोहित शेट्टी के घर के पास तय स्थान पर खड़ा किया गया था, जहां से शूटर ने इसे उठाया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ये स्कूटी घटना से करीब 10 दिन पहले उनके पास पहुंचा दी गई थी।
-पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ये स्कूटी पुणे के एक व्यक्ति की थी जिसे आदित्य गायकी ने 30,000 रुपये में सादे कागज और हस्ताक्षर के जरिए खरीदा था। पुलिस के मुताबिक इस तरह की लॉजिस्टिक चेन का इस्तेमाल पहले भी कई अपराधों में किया जा चुका है, जहां छोटे-छोटे समूहों को अलग-अलग काम देकर असली शूटर और मास्टरमाइंड को छिपाया जाता है।
शुभम लोणकर के निर्देश पर चला पूरा ऑपरेशन
-जांच में खुलासा हुआ है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े मोस्ट वॉटेंड आरोपी शुभम लोणकर इस साजिश का मास्टरमाइंड है। वही आरोपियों को सीधे निर्देश दे रहा था कि स्कूटी कहां से उठानी है, कहां छोड़नी है और फायरिंग कहां करनी है।
-पुलिस के अनुसार शुभम लोणकर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस हमले की जिम्मेदारी भी ली थी। लोणकर पहले से ही अक्टूबर 2024 में एनसीपी नेता और पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में मोस्ट वॉटेंड है।
इस मामले में 4 गिरफ्तार, 5वें संदिग्ध से पूछताछ
अब तक आदित्य ज्ञानेश्वर गायकी (19), समर्थ शिवशरण पोमाजी (18), सिद्धार्थ दीपक (20) और स्वप्निल बंडू (23) को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस के मुताबिक ये सभी सीधे शुभम लोणकर के संपर्क में थे। एक 5वें संदिग्ध से भी पूछताछ जारी है, जिसे पुलिस मुख्य साजिशकर्ता मान रही है। इन आरोपियों की भूमिका लॉजिस्टिक सपोर्ट देने की बताई गई है जबकि असली शूटर अब भी फरार है।
12 से ज्यादा स्पेशल टीमें,फॉरेंसिक और तकनीकी जांच शुरू
घटना के बाद क्राइम ब्रांच ने 12 से अधिक विशेष टीमें गठित की हैं। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय सूत्रों की मदद से पुलिस पुणे तक पहुंची है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से अहम सबूत जुटाए हैं। रोहित शेट्टी का बयान भी दर्ज कर लिया गया है।
पुणे कनेक्शन और लोणकर परिवार की भूमिका
पुलिस के मुताबिक शुभम लोणकर अकोला जिले के अकोट क्षेत्र का रहने वाला है। उसका भाई प्रवीण लोणकर पुणे के कर्वेनगर में प्रभावशाली माना जाता है और डेयरी व्यवसाय से जुड़ा हुआ है। बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में भी प्रवीण का नाम सामने आया था, जिसमें उस पर आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ था। जांच एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क को पुणे मॉड्यूल के रूप में देख रही हैं, जो लॉरेंस बिश्नोई गैंग के इशारों पर काम कर रहा था।
सुरक्षा बढ़ी, इलाके में पुलिस तैनाती
घटना के बाद जुहू इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। आमतौर पर बिल्डिंग में तीन निजी गार्ड और दो पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं। अब गश्त बढ़ा दी गई है और सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं। पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक ये हमला रोहित शेट्टी को नुकसान पहुंचाने की नीयत से किया गया था। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications