'इस्लाम में संगीत पाप है, अल्लाह के लिए मैं इसे छोड़ रहा हूं...', रैपर अरशद ने म्यूजिक को कहा अलविदा
'इस्लाम में संगीत पाप है, अल्लाह के लिए मैं इसे छोड़ रहा हूं...', रैपर अरशद ने म्यूजिक को कहा अलविदा, देखें Video
हैदराबाद, 16 नवंबर: मियां भाई फेम रैपर रुहान अरशद ने इस्लाम के लिए संगीत की दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया है। हैदराबादी रैपर रूहान अरशद, जिन्होंने कुछ साल पहले अपने रैप गाने मिया भाई से इंटरनेट पर तहलका मचा दिया था, उन्होंने अब अपने सोशल मीडिया हैंडल पर अधिकारिक घोषणा करते हुए कहा है कि उन्होंने इस्लाम की वजह से और अल्लाह के इशारे पर संगीत को हमेशा के लिए छोड़ दिया है। रैपर अरशद ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो साझा किया और घोषणा की कि इस्लाम में संगीत 'हराम' (निषिद्ध) होने का एहसास होते ही उन्होंने म्यूजिक इंडस्ट्री छोड़ दिया है।

'अल्लाह के इशारे के बाद मैंने लिया ये बड़ा फैसला'
रैपर रुहान अरशद ने अपने यूट्यूब चैनल पर रुहान अरशद (ऑफिशियल नाम) पर 11 नवंबर 2021 को एक वीडियो शेयर किया। रुहान ने अपने यूट्यूब वीडियो में कहा कि उन्होंने अल्लाह के 'हिदयत' (मार्गदर्शन) और 'इशारा' के मुताबिक बड़ा फैसला लिया है।
रैपर रुहान अरशद ने कहा, "मैं अपने फैसले से खुश हूं और इसके बारे में कभी दूसरा विचार नहीं किया। मैं कभी भी खुद को संगीत से जुड़ा कुछ भी करने से रोकूंगा।''

' मुझे पता है कि इस्लाम में संगीत एक पाप है...'
रैपर रुहान अरशद ने वीडियो में आगे कहा, '' मुझे पता है कि इस्लाम में संगीत एक पाप है। मेरे पास बस इसे करने का जुनून और जोश था, इसलिए मैंने संगीत को अपनाया था। मैं आभारी हूं कि संगीत ने मुझे करियर बनाने में मदद की और मुझे ढेर शोहरत दी।''
रैपर रुहान अरशद ने वीडियो में यह भी कहा, ''इस्लाम में संगीत हराम है, जैसे ही मुझे इस बात का एहसाह हुआ, मैंने पूरी तरह से म्यूजिक इंडस्ट्री को छोड़ दिया है। आगे संगीत से संबंधित जो कुछ भी आएगा, इंशाअल्लाह मैं पूरी कोशिश करूंगा कि मैं खुद को उससे रोक लूं।''

रैपर रुहान अरशद ने कहा- यूट्यूब पर वीडियो करूंगा अपलोड
मियां भाई फेम रैपर रुहान अरशद ने म्यूजिक जर्नी में सहयोग के लिए अपने फैंस का शुक्रिया भी कहा है। रैपर रुहान अरशद ने कहा, "मुझे यकीन है कि भगवान मुझे जीवन में कुछ करने में मदद करेंगे। लेकिन मैं यूट्यूब पर कंटेंट अपलोड करना नहीं छोड़ूंगा।''

'बताइए यूट्यूब पर ऐसा कौन सा 'हलाल' काम करें'
रुहान अरशद ने उन लोगों से भी म्यूजिक छोड़ने की अपील की है जो उनको देखकर इस इंडस्ट्री में आए थे। रुहान ने कहा, इस्लाम में संगीत को किसी खास वजह से ही हराम बताया गया है और हमें इस बात को याद रखना चाहिए।
रुहान अरशद ने अपने फैंस से सलाह मांगते हुए कहा है कि आप लोग बताइए कि यूट्यूब पर ऐसा कौन सा 'हलाल' काम किया जाए। रुहान अरशद नेल फैंस से वीडियो को ज्यादा से ज्यादा शेयर करने की मांग की है।

2019 में मिया भाई गाने से फेमस हुए थे रुहान अरशद
रुहान अरशद ने 2019 में अपने रैप गाने 'मिया भाई' के रिलीज होने के बाद फेमस हुए थे। वीडियो को 500 मिलियन से अधिक बार देखा जा चुका है। रुहान अरशद ने यूट्यूब पर जो आखिरी रैप अपलोड किया वह 'अपना टाइम आएगा'। ये रैप वीडियो मिया भाई की सफलता के बाद रूहान के संघर्षों के बारे में था।












Click it and Unblock the Notifications