650 करोड़ के बजट में बनी 'ब्रह्मास्त्र', फिर भी रणबीर कपूर ने क्यों नहीं ली फीस? सामने आई यह वजह
फिल्म निर्माता अयान मुखर्जी ने खुलासा किया कि फिल्म ब्रह्मास्त्र के लिए रणबीर कपूर और आलिया भट्ट ने कम फीस ली है। जानिए क्या इसकी वजह
मुंबई, 23 सितंबर: फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई की है। हालांकि कुछ फैंस इस फिल्म की स्टोरी पर सवाल कर रहे हैं और इसे फ्लॉप बता रहे हैं। वहीं कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया है ब्रह्मास्त्र का बजट पहले 410 करोड़ रुपये था। लेकिन मेकर्स के मुताबिक इस फिल्म पर 650 करोड़ रुपये के आसपास खर्च हुए हैं। हाल ही में फिल्म निर्माता अयान मुखर्जी ने फिल्म के बजट और रणबीर कपूर की फीस पर खुलकर बातचीत की।

अयान मुखर्जी ने किया बड़ा खुलासा
फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' को मिली सफलता से अयान मुखर्जी काफी खुश हैं। हो भी क्यों ना यह फिल्म अब टॉप फिल्मों में शुमार हो चुकी है। अब अयान मुखर्जी ने इस फिल्म को लेकर खुलकर बातचीत की है। अयान मुखर्जी ने एक इंटरव्यू के दौरान यह खुलासा किया कि इस फिल्म के लिए रणबीर कपूर ने फीस चार्ज नहीं की है।

बताया रणबीर कपूर ने क्यों नहीं ली फीस?
अयान मुखर्जी ने कहा कि, 'ये फिल्म हमारी बहुत ही जिद और व्यक्तिगत बलिदान से बनी है। तो हां, ये सच है कि रणबीर एक स्टार के रूप में जितनी फीस लेते हैं उन्होंने इस फिल्म के लिए एक भी पैसा नहीं लिया, और मैं मानता हूं कि इसके बगैर हम ये फिल्म नहीं बना पाते। यह बहुत बड़ी बात है क्योंकि इस तरह के समर्थन के बिना यह संभव नहीं होता। मुझे नहीं पता कि कितने अन्य लोगों ने ऐसा किया होगा।'

आलिया भट्ट ने भी कम चार्ज की फीस
इसके अलावा अयान मुखर्जी ने आलिया भट्ट को लेकर भी बातचीत की। उन्होंने बताया कि, साल 2014 में उन्होंने इस फिल्म के लिए आलिया भट्ट को साइन किया था। लेकिन उस वक्त वह उतनी बड़ी स्टार नहीं थी जितनी अब हैं। अयान ने यह भी खुलासा किया कि आलिया भट्ट के लिए जितनी फीस फिक्स की गई थी वो अमाउंट इतना ज्यादा नहीं था बल्कि छोटा सा ही था।

रणबीर कपूर ने बताई बजट बढ़ने की वजह
इससे पहले रणबीर कपूर ने बताया था कि ब्रह्मास्त्र पार्ट 1-शिव के बजट के रूप में 650 करोड़ रुपये लगे हैं। दैनिक भास्कर को दिए एक इंटरव्यू में रणबीर ने कहा, "इन दिनों, हम बहुत कुछ पढ़ रहे हैं जहां लोग फिल्म के बजट पर चर्चा कर रहे हैं। लोग कह रहे हैं इतना है बजट और इतनी है रिकवरी। लेकिन यह बजट सिर्फ ब्रह्मास्त्र एक पार्ट के लिए नहीं बल्कि पूरे 3 पार्ट के लिए है।"

'ब्रह्मास्त्र' ने की ताबड़तोड़ कमाई
आपको बता दें कि, फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' जो कि 9 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म ने 14 दिनों में ही ताबड़तोड़ कमाई कर ली है। यहां तक की फिल्म इस साल टॉप फिल्मों में शुमार हो गई है। देश में ही नहीं बल्कि विदेश में भी इस फिल्म को फैंस खूब पसंद कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications