Ramayana: रिलीज से पहले रणबीर कपूर के 'रामायण' पर क्यों भड़के 'लक्ष्मण' सुनील लहरी? एआर रहमान पर कही ऐसी बात

Ramayana: रणबीर कपूर की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'रामायण पार्ट 1' सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस भव्य फिल्म की रिलीज में अब 24 घंटे से भी कम समय बचा है। फिल्म को दुनियाभर के 100 से ज्यादा देशों में करीब 50 हजार स्क्रीन पर रिलीज करने की तैयारी है। हालांकि रिलीज से पहले ही फिल्म के टीजर, ट्रेलर और गानों को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ी हुई है। खासतौर पर इसके म्यूजिक को लेकर दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं।

'रामायण' को लेकर क्या बोले 'लक्ष्मण'?
वहीं अब रामानंद सागर की ऐतिहासिक 'रामायण' में लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले एक्टर सुनील लहरी ने भी फिल्म के संगीत पर अपनी नाराजगी जाहिर की है। हालांकि उन्होंने फिल्म की पूरी टीम और कलाकारों की मेहनत की तारीफ भी की है।

Ramayana

सुनील लहरी ने वीडियो शेयर कर रखी अपनी बात

-सुनील लहरी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर करीब ढाई मिनट का एक वीडियो शेयर किया है। इसमें उन्होंने 'रामायण पार्ट 1' मूवी को लेकर अपनी राय रखी है। एक्टर ने साफ किया है कि उन्होंने अभी तक फिल्म नहीं देखी है और न ही वह इस विषय के विशेषज्ञ हैं। इसलिए फिल्म की आलोचना करना उनके लिए सही नहीं होगा।

-हालांकि उन्होंने फिल्म के संगीत को लेकर अपनी निराशा जरूर जाहिर की है। सुनील लहरी का मानना है कि रामायण जैसे महान महाकाव्य पर आधारित फिल्म में संगीत की भूमिका बेहद अहम होती है। ऐसे में इसके गानों में भारतीय संस्कृति और अलग-अलग क्षेत्रों की पारंपरिक संगीत शैली की झलक दिखाई देनी चाहिए थी।

'रामायण सिर्फ भारत नहीं, पूरी मानवता की विरासत है'

-अपने वीडियो की शुरुआत में सुनील लहरी ने कहा है कि नितेश तिवारी की 'रामायण' जल्द ही दर्शकों के सामने आने वाली है। कई लोगों ने उनसे भी इस फिल्म को लेकर अपनी प्रतिक्रिया देने के लिए कहा था क्योंकि वह पहले रामायण का हिस्सा रह चुके हैं।

-एक्टर ने कहा कि उनका रामायण से जुड़ाव एक अलग दौर में रहा है और आज का समय काफी बदल चुका है। उन्होंने इस महाकाव्य को भारतीयों के साथ-साथ पूरी दुनिया की मानवता के लिए एक अहम विरासत बताया। उनके मुताबिक रामायण में हमारी संस्कृति, मूल्य, भावनाएं, संवेदनाएं और आस्था समाहित हैं। इसलिए इस विरासत को सहेजकर रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।

नितेश तिवारी और रणबीर कपूर की टीम की तारीफ की

-सुनील लहरी ने फिल्म के निर्देशक नितेश तिवारी पर भरोसा जताते हुए कहा कि वह एक बेहतरीन फिल्ममेकर हैं और पहले भी कई अच्छी फिल्में बना चुके हैं। उन्होंने फिल्म से जुड़े कलाकारों की प्रतिभा और उनकी मेहनत की भी सराहना की।

-एक्टर ने उम्मीद जताई कि नितेश तिवारी और उनकी पूरी टीम ने इस महाकाव्य को बड़े पर्दे पर उतारने के लिए पूरी मेहनत की होगी। उन्होंने कहा कि उन्हें फिल्म की सफलता का पूरा भरोसा है और वह इसके लिए शुभकामनाएं देते हैं।

एआर रहमान के संगीत से क्यों निराश हुए सुनील लहरी?

-फिल्म की तारीफ करने के बाद सुनील लहरी ने इसके संगीत को लेकर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि रामायण जैसे महाकाव्य में संगीत सिर्फ मनोरंजन का माध्यम नहीं है बल्कि कहानी की भावनाओं और उसके प्रभाव को दर्शकों तक पहुंचाने में इसकी अहम भूमिका होती है।

-सुनील लहरी ने कहा कि फिल्म के कुछ गानों में इस्तेमाल किए गए साउंड्स उन्हें पसंद नहीं आए। उनके मुताबिक गानों के संगीत में स्थानीय संस्कृति की झलक होनी चाहिए थी। चाहे वह मिथिला की पारंपरिक संगीत शैली हो या अयोध्या का सांस्कृतिक रंग, इनकी मौजूदगी गानों को कहानी और उसके परिवेश से बेहतर तरीके से जोड़ सकती थी।

-जानकारी के अनुसार फिल्म के संगीत को लेकर पहले भी सोशल मीडिया पर चर्चा और आलोचना देखने को मिली है। खासकर गानों में इस्तेमाल की गई कव्वाली की धुन को लेकर कुछ दर्शकों ने निराशा जाहिर की थी। अब सुनील लहरी की प्रतिक्रिया ने इस बहस को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। हालांकि एक्टर ने अपनी बात को व्यक्तिगत पसंद बताते हुए ये भी स्पष्ट किया कि वह संगीत के विशेषज्ञ नहीं हैं।

फिल्म की सफलता के लिए सुनील लहरी ने की प्रार्थना

-वीडियो के आखिर में सुनील लहरी ने फिल्म के निर्माताओं, कलाकारों और पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान से प्रार्थना की कि 'रामायण पार्ट 1' बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल करे।

-एक्टर ने फिल्म के बड़े बजट का जिक्र करते हुए कहा कि इसकी सफलता बेहद जरूरी है क्योंकि इससे बहुत सारे लोगों की आजीविका जुड़ी हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शक इस फिल्म को पसंद करेंगे और ये भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी उपलब्धि साबित होगी। अपने मैसेज का समापन उन्होंने 'जय श्री राम' के उद्घोष के साथ किया।

'रामायण पार्ट 1' की एडवांस बुकिंग में जबरदस्त हलचल

-फिल्म की रिलीज से पहले बॉक्स ऑफिस पर भी इसका असर दिखाई देने लगा है। रणबीर कपूर स्टारर इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्सुकता है। खासतौर पर इसके भव्य विजुअल्स और वीएफएक्स की काफी चर्चा हो रही है। फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स का काम प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा की कंपनी DNEG ने संभाला है, जो आठ बार ऑस्कर अवॉर्ड जीत चुकी है।

-फिल्म के दोनों पार्ट का कुल बजट करीब 4,000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक आज यानी 4 नवंबर 2026 के दोपहर 12 बजे तक फिल्म ने पहले दिन के लिए 39.42 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग दर्ज कर ली थी। वहीं भारतीय सिनेमाघरों में 10 नवंबर 2026 तक की प्री-सेल्स को मिलाकर 6 दिनों की एडवांस बुकिंग से करीब 97.64 करोड़ रुपये की कमाई हो चुकी थी। अब सभी की नजरें फिल्म की रिलीज और शुरुआती बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर टिकी हैं।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+