राजपाल यादव ने अक्षय कुमार को थप्पड़ जड़ ले लिया 'भूल-भुलैया' का बदला? बता दी वजह
चेक बाउंस मामले को लेकर चर्चा में रहे राजपाल यादव अब अपनी आगामी फिल्म भूत बंगला के साथ बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं। यह फिल्म उनके लिए खास मानी जा रही है, क्योंकि निजी चुनौतियों के बाद यह उनकी पहली बड़ी रिलीज़ होगी। हाल ही में आए टीजर ने दर्शकों के बीच जबरदस्त एक्साइटमेंट पैदा कर दिया है।
टीजर में एक सीन ने खास तौर पर लोगों का ध्यान खींचा, जिसमें राजपाल यादव सुपरस्टार अक्षय कुमार को थप्पड़ मारते नजर आते हैं। इस सीन ने दर्शकों को तुरंत भूल भुलैया की याद दिला दी। जहां अक्षय कुमार ने मजाकिया अंदाज में राजपाल को थप्पड़ मारा था। इस उलटफेर ने फैंस के बीच नॉस्टैल्जिया जगा दिया। लेकिन ये थप्पड़ उन्होंने क्यों मारा था और इसके पिछे किसका आइडिया था? अब राजपाल ने इसके बारे में बात की है।

अक्षय कुमार का था आइडिया
न्यूज 18 से बातचीत में में राजपाल यादव ने इस सीन के पीछे का दिलचस्प किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया हमारा और अक्की पाजी का बाल खींचना, चाटना, एक दूसरे पर चिल्लाना सिचुएशन के हिसाब से हो जाता है। ये इम्प्रोवाइजेशन मेरी नहीं है, यकीन मानिए, अक्की पाजी की है, ये उनका आइडिया था। जब हम रिहर्सल कर रहे थे, तब अक्की पाजी के दिमाग में आया कि तू मार, तू रख दे, वो वहां स्थिति पर फिट था। और बड़ा समन्वय वाला है हमारा, कि तू गेंद ऐसे मार तो मैं बल्ला ऐसे चलाऊंगा। यकीन मानिए प्रियन जी, अक्की पाजी, परेश जी और हमारा ऐसा समन्वय है कि कोई भी फिल्म हो, हम उसे आसान से उठाते हैं प्रियन जी की वजह से।
15 साल बाद प्रियदर्शन-अक्षय की जोड़ी
'भूत बंगला' का एक बड़ा आकर्षण यह भी है कि इसमें प्रियदर्शन और अक्षय कुमार की जोड़ी करीब 15 साल बाद साथ काम कर रही है। इस कारण फिल्म को लेकर दर्शकों की उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं। टीज़र रिलीज़ होते ही सोशल मीडिया पर इसकी कॉमिक टाइमिंग और पुरानी फिल्मों जैसी फील की खूब सराहना हुई।
दमदार स्टारकास्ट और रिलीज़ डेट
फिल्म में तब्बू, असरानी समेत कई अनुभवी कलाकार नजर आएंगे। हॉरर और कॉमेडी का यह मिश्रण दर्शकों को हंसी और रोमांच दोनों देने का वादा करता है। 'भूत बंगला' 10 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी, और इसके प्रति दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ रही है।












Click it and Unblock the Notifications