Rahul Arunoday Banerjee के साथ हुआ दर्दनाक हादसा या फिर कोई और कहानी? कैसे डूबे एक्टर? पुलिस की जांच शुरू
Rahul Arunoday Banerjee Death: बंगाली फिल्म और टीवी इंडस्ट्री के फेमस एक्टर राहुल अरुणोदय बनर्जी (Rahul Arunoday Banerjee) का 43 साल की उम्र में आकस्मिक निधन हो गया है। ये हादसा उस वक्त हुआ जब वह पश्चिम बंगाल के दीघा इलाके के तलसारी बीच पर बांग्ला टीवी सीरियल भोले बाबा पार करेगा की शूटिंग कर रहे थे।
एक्टर राहुल अरुणोदय बनर्जी का निधन, इंडस्ट्री में शोक
इस घटना ने न सिर्फ एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री बल्कि उनके परिवार और फैंस को भी गहरे सदमे में डाल दिया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

राहुल अरुणोदय बनर्जी के साथ कैसे हुआ हादसा?
-मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सीरियल की शूटिंग लगभग खत्म हो चुकी थी और ज्यादातर कलाकार सेट छोड़कर अपने अपने घर की तरफ रवाना हो चुके थे। हालांकि राहुल अरुणोदय बनर्जी राहुल एक अतिरिक्त ड्रोन शॉट लेने के लिए तैयार थे।
-टीवी सीरियल के निर्देशक शुभाशीष मंडल (Subhashish Mondal) के मुताबिक राहुल बनर्जी अपनी को-स्टार श्वेता मिश्रा (Shweta Mishra) के साथ पानी में एक रोमांटिक सीन फिल्मा रहे थे। पहला टेक सफल रहा लेकिन राहुल एक और बेहतर शॉट चाहते थे।
समंदर की तेज लहर राहुल के लिए बनी जानलेवा
-इसी दौरान वह धीरे-धीरे गहरे पानी की ओर बढ़ गए। टीम लगातार उन्हें बाहर आने के लिए कहती रही लेकिन वह शूट पूरा करने पर अड़े रहे थे। अचानक आई एक तेज लहर ने स्थिति को गंभीर बना दिया। बताया जा रहा है कि तेज लहर के चलते राहुल बनर्जी का संतुलन बिगड़ गया था और उन्होंने पानी निगल लिया।
-इसके बाद राहुल बनर्जी की को-एक्ट्रेस श्वेता मिश्रा के मदद मांगने पर वहां मौजूद लाइफगार्ड्स और सुरक्षा गार्ड टीम ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। एक्टर को पानी से बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया। क्रू मेंबर्स के अनुसार अस्पताल जाने के रास्ते में राहुल बनर्जी ने दो बार रिस्पॉन्स भी किया था लेकिन हॉस्पटिल पहुंचने तक बहुत देर हो चुकी थी।
डॉक्टरों ने एक्टर को किया मृत घोषित
-दीघा स्टेट जनरल अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार राहुल अरुणादय को शाम करीब 6:10 बजे हॉस्पिटल लाया गया था लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।
-शुरुआती जांच में ये कहा जा रहा है कि पानी में उन्हें हार्ट अटैक आया होगा जिसके बाद वह खुद को संभाल नहीं पाए और डूब गए। हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
पत्नी प्रियंका सरकार ने मौत के बाद दिया पहला बयान
-राहुल बनर्जी की पत्नी प्रियंका सरकार ने इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए एक बयान में इस दुखद घटना पर बात की और मुश्किल समय में प्राइवेसी मांगी है। उन्होंने लिखा है- ये हमारे लिए बहुत दुख और गहरी निराशा का समय है। इस मुश्किल समय में हम सभी लोगों से स्पेस और प्राइवेसी की रिक्वेस्ट करते हैं।
-प्रियंका सरकार ने आगे कहा- एक बच्चा, एक मां, एक परिवार और प्रियजन इस नुकसान से एक साथ उबरने की कोशिश कर रहे हैं। हम मीडिया में अपने दोस्तों और साथ काम करने वालों से गुजारिश करते हैं कि वह हमारी सीमाओं का सम्मान करें, दखल न दें और हमें शांति से दुख मनाने का मौका दें। आपकी समझ और सपोर्ट इस समय पहले से कहीं ज्यादा मायने रखता है।
पुलिस जांच में जुटी, अननैचुरल डेथ का केस दर्ज
पूर्व मिदनापुर पुलिस ने इस मामले में अननैचुरल डेथ (अप्राकृतिक मौत) का केस दर्ज किया है।
इन खास तथ्यों पर पुलिस कर रही है जांच-
1. शूटिंग यूनिट के सदस्यों से पूछताछ
2. हादसे के वक्त की परिस्थितियों का विश्लेषण
3. सुरक्षा मानकों का पालन हुआ या नहीं
फिलहाल एक्टर राहुल अरुणोदय बनर्जी का पार्थिव शरीर पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखा गया है।
राहुल अरुणोदय बनर्जी का करियर
राहुल अरुणोदय बनर्जी ने अपने करियर की शुरुआत साल 2009 में फिल्म चिरोदिनी तुमी से आमार (Chirodini Tumi Je Amar) से की थी। इस फिल्म की सफलता के बाद उन्होंने अपनी को-स्टार प्रियंका सरकार (Priyanka Sarkar) से शादी कर ली थी। अपने शानदार अभिनय के दम पर राहुल बनर्जी ने बहुत कम समय में बंगाली सिनेमा और टीवी में खास पहचान बना ली थी।
डिजिटल दुनिया में भी थे सक्रिय
एक्टिंग के अलावा राहुल अरुणोदय बनर्जी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी काफी पॉपुलर थे। उनका पॉडकास्ट सहज कथा खासा चर्चित था, जिसका नाम उन्होंने अपने बेटे सहज के नाम पर रखा था।
अचानक निधन से परिवार और फैंस सदमे में
राहुल बनर्जी का इस तरह अचानक चले जाना उनके परिवार, दोस्तों और फैंस के लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं है। इंडस्ट्री में शोक की लहर है और हर कोई इस दुखद घटना पर संवेदना जता रहा है।












Click it and Unblock the Notifications