आलिया के 'कन्यादान' वाले विज्ञापन का बड़ा विरोध, हिंदू संगठन ने शोरूम के बाहर किया प्रदर्शन
मुंबई, सितंबर 26। एक्ट्रेस आलिया भट्ट को अपने एक एड शूट को लेकर भारी विरोध का सामना करना पड़ रहा है। दरअसल, आलिया ने कपड़ों के ब्रांड 'मान्यवर' की एक कंपनी वेदांत फैशन्स लिमिटेड के लिए एक विपज्ञापन शूट किया है, जिसे लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। शनिवार को नवी मुंबई में कपड़ों के शोरूम के बाहर एक हिंदू संगठन ने विज्ञापन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

'कन्यादान' वाले विज्ञापन को लेकर बवाल
हिंदू जनजागृति समिति के सदस्यों ने वेदांत फैशन्स लिमिटेड के वाशी क्षेत्र में स्थित आउटलेट के बाहर शनिवार को पोस्टर बैनर लेकर विरोध प्रदर्शन किया। हिंदू जनजागृति समिति के सदस्यों का कहना है कि इस विज्ञापन के जरिए हिंदू धर्म के लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं, क्योंकि इस विज्ञापन में आलिया भट्ट का जो कन्यादान दिखाया गया है, वो गलत तरीके से दिखाया गया है। संगठन के प्रवक्ता डॉ उदय धुरी का कहना है कि कंपनी के विज्ञापन ने हिंदू विवाह समारोहों के दौरान किए गए 'कन्यादान' अनुष्ठान को "गलत तरीके से प्रस्तुत" किया है।

संगठन ने की माफी की मांग
जनजागृति संगठन ने एक प्रेस रिलीज जारी कर कहा है कि इस विज्ञापन को तुरंत हटाया जाए और कंपनी इसके लिए सशर्त माफी मांगे। प्रेस रिलीज में संगठन ने लोगों से अपील की है कि जब तक संगठन की मांगों को स्वीकार नहीं किया जाए, तब तक कंपनी के कपड़ों का बहिष्कार करें।

इस विवाद में कंगना ने भी मारी थी एंट्री
आपको बता दें कि इस विज्ञापन को लेकर कंगना रनौत ने भी आलिया भट्ट और कंपनी पर निशाना साधा था। कंगना ने इंस्टाग्राम पर एक लंबी पोस्ट कर कहा थआ कि सभी ब्रैंड्स से विनम्र निवेदन...चीजों को बेचने के लिए धर्म, अल्पसंख्यक, बहुसंख्यक राजनीति का इस्तेमाल ना करें... विभाजनकारी अवधारणाओं और विज्ञापन के साथ भोले-भाले उपभोक्ताओं के साथ छेड़छाड़ बंद करो...। उन्होंने लोगों से हिंदू रीति-रिवाजों का मजाक नहीं उड़ाने की अपील की थी।












Click it and Unblock the Notifications