Prashant Tamang Last Film: प्रशांत की आखिर फिल्म का है सलमान खान से कनेक्शन, 52 दिन पहले शेयर की तस्वीर
Prashant Tamang Last Film: गायक-अभिनेता प्रशांत तमांग के निधन से पूरा बॉलीवुड सदमे में है, उनके फैंस को समझ ही नहीं आ रहा है कि अचानक से हंसता-खेलता गायक इस तरह से कैसे दुनिया से चला गया है। इंडिया टूडे से बात करते हुए उनके घनिष्ठ मित्र भावन धनक ने कहा कि 'प्रशांत का निधन आज सुबह, 11 जनवरी को दिल्ली में हुआ। उनकी मृत्यु कार्डियक अरेस्ट के कारण हुई है।'
धनक ने कहा कि 'प्रशांत कुछ साल पहले दिल्ली शिफ्ट हुए थे और गायन के साथ-साथ अभिनय को लेकर भी बेहद उत्साहित थे। इंडियन आइडल के दौरान हम दोनों रूममेट थे। वह एक बहुत अच्छे और बेहतरीन इंसान थे। उनका जाना हम सभी के लिए एक बड़ा झटका है, और हम उन्हें बहुत मिस करेंगे।'

वैसे तो प्रशांत इन दिनों बहुत सारे प्रोजक्ट में बिजी थे, जिसमें सबसे बड़ा नाम सलमान खान की फिल्म 'द बैटल ऑफ गलवान' थी, जिसकी शूटिंग उन्होंने हाल ही में कंपलीट की थी और उसकी टीजर भी उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर मौत से 52 दिन पहले ही शेयर किया था। तस्वीर देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि वो अपनी इस फिल्म के लिए कितने उत्सुक थे लेकिन अफसोस वो अब इसे रिलीज होते देख नहीं पाएंगे।'
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने Prashant Tamang के निधन पर जताया शोक
आपको बता दें कि तमांग अपने पीछे अपनी पत्नी गीता, छोटी बेटी अरिराह और दादी-बहन को छोड़ गए हैं। गायक तमांग के निधन पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी गहरा शोक प्रकट किया है। उन्होंने एक्स पर लिखा है कि 'आज इंडियन आइडल फेम के लोकप्रिय गायक और राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकार प्रशांत तमांग का आकस्मिक और असामयिक निधन दुःखद है। दार्जिलिंग पहाड़ियों से उनका जुड़ाव और कोलकाता पुलिस के साथ उनका एक समय का संबंध उन्हें बंगाल में हमारे लिए विशेष प्रिय बनाता था। मैं उनके परिवार, दोस्तों, और अनगिनत अनुयायियों के प्रति अपनी संवेदनाएँ व्यक्त करती हूं।'

Prashant Tamang के निधन की बात सुन रो पड़े अमित पॉल
उनके साथी कलाकार अमित पॉल ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा 'ये कैसे संभव है, तुम्हारे बिना दुनिया वैसी नहीं रहेगी!!! मैं अब भी इस पर विश्वास नहीं कर पा रहा हूं। मेरा भाई, मेरा दोस्त, मेरा साथी prashant tamang स्वर्ग सिधार गया। मुझे विश्वास नहीं हो रहा कि मुझे यह लिखना पड़ रहा है।'
'हिंदी और नेपाली संगीत को अलग पहचान दी' (Prashant Tamang)
दार्जिलिंग से भाजपा सांसद राजू बिस्टा ने भी दिवंगत गायक ने निधन पर शोक व्यक्त किया है, उन्होंने कहा है कि 'इंडियन आइडल के मंच पर पूरे हिंदी और नेपाली संगीत जगत में चमकने वाले लोकप्रिय गायक और अभिनेता प्रशांत तमांग के असामयिक निधन ने कला और संगीत के पूरे क्षेत्र को, जिसमें हिंदी और नेपाली शामिल हैं, स्तब्ध और गहरे दुख में छोड़ दिया है।'

'इंडियन आइडल 3' शो जीतकर रचा था इतिहास (Prashant Tamang)
प्रशांत तमांग नेपाली-गोर्खा समुदाय से आते हैं। उनके पिता का नाम आर.बी. तमांग था, जिनकी मृत्यु की वजह से तमांग को स्कूली पढ़ाई बीच में छोड़कर नौकरी करनी पड़ी थी। तमांग ने कोलकाता पुलिस में कांस्टेबल के रूप में नौकरी की। ड्यूटी के साथ-साथ वे संगीत अभ्यास करते रहे। वर्ष 2007 में उन्होंने 'इंडियन आइडल 3' शो में भाग लिया। 'इंडियन आइडल 3' के दौरान प्रशांत तमांग को खासतौर पर दार्जिलिंग और नॉर्थ-ईस्ट के लोगों का जबरदस्त समर्थन मिला। अंततः उन्होंने फाइनल में जीत दर्ज की और प्रतियोगिता के विजेता बने। इस जीत ने उन्हें रातों-रात स्टार बना दिया।
इंडियन आइडल जीतने के बाद प्रशांत तमांग ने कई एल्बम और गाने रिकॉर्ड किए। उन्होंने हिंदी, नेपाली और बंगाली भाषाओं में गीत गाए। उनकी आवाज़ में भावनात्मक गहराई और सादगी झलकती है, जो श्रोताओं को खास तौर पर पसंद आती है।












Click it and Unblock the Notifications