ऑस्कर अवॉर्ड सेरेमनी के दौरान कॉमेडियन ने विल स्मिथ की पत्नी को लेकर कही ऐसी बात, सबके सामने जड़ दिया थप्पड़
लॉस एंजिलिस, 28 मार्च। ऑस्कर अवॉर्ड्स के वितरण के दौरान अभिनेता विल स्मिथ और क्रिस रॉक के बीच कहासुनी सामने आई है। यह कहासुनी इस हद तक पहुंच गई कि विल स्मिथ ने ऑस्कर अवॉर्ड के स्टेज पर आकर क्रिस रॉक को चेहरे पर थप्पड़ जड़ दिया। दरअसल रॉक ऑस्कर अवॉर्ड देने के लिए स्टेज पर पहुंचे थे, वह डॉक्युमेंट्री कैटेगरी में अवॉर्ड देने के लिए स्टेज पर पहुंचे थे, लेकिन इस दौरान क्रिस रॉक ने विल स्मिथ की पत्नी को लेकर एक मजाक किया, जो विल स्मिथ को पसंद नहीं आया और वह स्टेज पर पहुंचे और उन्हें थप्पड़ जड़ दिया।

सबके सामने नेशनल टीवी पर जड़ा थप्पड़
क्रिस रॉक जब डॉक्युमेंट्री कैटेगरी में अवॉर्ड की घोषणा के दौरान विल स्मिथ की पत्नी जेडा पिंकेट स्मिथ को मजाक में जीआई जेन। दरअसल जेडा ने अपने सिर के बाल पूरे कटवा कर उसे क्लीन शेव करा दिया था। इसी को लेकर क्रिस रॉक ने मजाक किया था, जिसके बाद विल स्मिथ स्टेज पर पहुंचते हैं और क्रिस के चेहरे पर थप्पड़ जड़ देते हैं। हालांकि पहले लोगों को लगा कि विल स्मिथ ने यह मजाक में किया है लेकिन अपनी सीट पर वापस आने के बाद विल स्मिथ क्रिस रॉक पर चिल्लाते हुए कहते हैं कि मेरी पत्नी का नाम अपने मुंह से मत लेना।

हर कोई चौंक गया
जिस तरह से विल स्मिथ ने रॉक को स्टेज पर जाकर घूंसा जड़ा उसके बाद वहां मौजूद दर्शक चौंक गए। क्रिस रॉक के बाद अगले प्रेजेंटेटर डिडी स्टेज पर पहुंचे तो उन्होंने इस पूरी स्थिति को स्पष्ट किया। डिडी ने कहा कि विल स्मिथ और क्रिस रॉक हम इस पूरे मसले को परिवार की तरह से सुलझाएंगे। फिलहाल हम प्यार से आगे बढ़ रहे हैं, आप सभी लोग जोश दिखाइए। वहीं इस विवाद के बाद डेंजेल वॉशिंटन ने विल स्मिथ से बात की और कहा कि अपने सबसे अच्छे पलों में बहुत ही सावधान रहना चाहिए क्योंकि ऐसे समय शैतान आपके पास आता है।

प्रोड्यूसर ने विल स्मिथ से की बात
अवॉर्ड सेरेमनी के दौरान कई बार अलग-अलग सदस्यों ने विल स्मिथ से बात की। ऑस्कर के प्रोड्यूसर विल पैकर ने भी विल स्मिथ से बात की। बता दें कि विल स्मिथ को किंग रिचर्ड में उनके बेहतरीन अभिनय के लिए बेस्ट एक्टर की कैटेगरी में नामित किया गया था। इसके लिए उन्हें बाद में ऑस्कर अवॉर्ड से भी नवाजा गया। हालांकि बाद में विल स्मिथ ने अवॉर्ड लेते समय अपने किए के लिए माफी मांगी।

खुद कराया था सिर को शेव
गौर करने वाली बात है कि पिंकेट स्मिथ ने पिछले साल अपने सिर के बाल इसलिए शेव करा लिए थे क्योंकि वह एलोपेसिया से जूझ रही थी। उन्होंने इंस्टाग्राम पर पोस्ट के जरिए इस की जानकारी देते हुए लिखा था कि अब इस मोड़ पर मैं सिर्फ हंस सकती हूं। आप सभी जानते हैं कि मैं एलोपेसिया से लड़ रही हूं। एक दिन अचानक से मैंने अपना सिर शेव करा लिया। लेकिन अब मेरे लिए यह छिपा पाना थोड़ा मुश्किल होगा। लिहाजा मैंने सोचा कि मैं इसे आप सभी लोगों के साथ साझा करूंगी और आप सभी मेरे से फिर सवाल नहीं पूछेंगे। मैं और एलोपेसिया अब दोस्त रहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications