Oppenheimer के विवादित सेक्स सीन के दौरान दिखाई गई भगवत गीता! भड़के नेटिजन्स
Oppenheimer 21 जुलाई को रिलीज हो चुकी हॉलीवुड फिल्म है, लेकिन ओपेनहाइमर इंटीमेट सीन के कारण विवाद में है। अंतरंग दृश्य के लिए आलोचना इसलिए क्योंकि विवादित विजुअल में एक्टर सिलियन मर्फी को संभोग करते समय भगवद गीता पढ़ते दिखाया गया है।
सोशल मीडिया पर Oppenheimer फिल्म के विवादित सीन पर नेटिजन्स जमकर भड़ास निकाल रहे हैं। फिल्म के सीन को 'हिन्दू धर्म का अपमान' बताया जा रहा है। लोग निर्माता और फिल्म में शामिल लोगों से माफी की मांग कर रहे हैं।

'परमाणु बम के जनक' कहे जाने वाले जे. रॉबर्ट ओपेनहाइमर के बारे में क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म को सेंसर बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (सीबीएफसी) ने मंजूरी दे दी थी, जिसने इस दृश्य को फिल्म में बनाए रखने की अनुमति दी थी।
भारत सरकार के सूचना आयुक्त उदय माहुरकर ने इस दृश्य पर आपत्ति जताते हुए 'सेव कल्चर सेव इंडिया फाउंडेशन' का बयान जारी किया। फाउंडेशन ने न सिर्फ इस सीन को हटाने की बात कही बल्कि इसमें शामिल लोगों को सजा देने की भी मांग की।
बयान में कहा गया, 21 जुलाई को रिलीज हुई फिल्म ओपेनहाइमर में ऐसे दृश्य हैं जो हिंदू धर्म पर तीखा हमला करते हैं। जिस सीन पर विवाद हो रहा है उसमें एक महिला पुरुष को जोर से भगवत गीता पढ़ाती है और उसके साथ संभोग करती है।
सेव कल्चर सेव इंडिया ने कहा, हैरानी इस बात पर है कि केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) इस दृश्य के साथ फिल्म को कैसे मंजूरी दे सकता है। फाउंडेशन, ने गीता को हिंदुओं की पूजनीय पवित्र पुस्तक की गरिमा को बनाए रखने के लिए दंड देने की मांग भी की।
भविष्य में ऐसी चीजें न हों, ऐसा एक्शन लेने की अपील करते हुए फाउंडेशन ने कहा, फिल्म ओपेनहाइमर में ऐसे दृश्य हैं जो भयावह हैं। सोशल मीडिया पर फिल्म ओपेनहाइमर के विवादित सीन को लेकर काफी आक्रोश देखा गया।
नेटिज़न्स ने सेक्स के दौरान भगवत गीता दिखाए जाने पर आपत्ति जताते हुए इसे "हिंदू धर्म का अपमान" बताया। फिल्म निर्माताओं की आलोचना करते हुए नेटिज़न्स ने माफी की मांग की।
एक यूजर ने कहा, "इस बात का कोई ऐतिहासिक प्रमाण नहीं है कि जे रॉबर्ट ओपेनहाइमर ने सेक्स के दौरान अपने सेक्स-पार्टनर से भगवत गीता का अंश पढ़ा। हॉलीवुड को अपनी आंखें खोलनी चाहिए। गीता को ऐसे सीन में प्रॉप की तरह इस्तेमाल करने का कोई कारण नहीं है। भारत इस सीन पर इतना सहज क्यों है?"
एक अन्य नेटिज़न ने लिखा, सुना है कि सेंसर बोर्ड ने एक सेक्स सीन नहीं काटा, वो भी तब जब ओपेनहाइमर में भगवत गीता का पाठ किया जा रहा था। ये घृणित और नया निचला स्तर है। विवादास्पद विजुअल शेयर कर एक अन्य यूजर ने लिखा, "हम हिंदुओं को हिंदू धर्म का मजाक उड़ाने वाले इस जानबूझकर अपमान को कभी बर्दाश्त नहीं करना चाहिए।"
यूजर ने फिल्म की रिलीज का प्रमाणपत्र जब्त कर पूरे भारत में ओपेनहाइमर फिल्म की रिलीज पर तुरंत प्रतिबंध लगाने की मांग कर कहा कि निर्माता को माफी मांगनी चाहिए। बता दें कि इस फिल्म के स्टार कलाकारों में सिलियन मर्फी, एमिली ब्लंट, मैट डेमन, रॉबर्ट डाउनी जूनियर, फ्लोरेंस पुघ, जोश हार्टनेट, केसी एफ्लेक, रामी मालेक और केनेथ ब्रानघ शामिल हैं।
क्रिस्टोफर नोलन के निर्देशन में बनी ये फिल्म, काई बर्ड और मार्टिन जे. शेरविन की 2005 की जीवनी अमेरिकन प्रोमेथियस पर आधारित है। फिल्म एक सैद्धांतिक भौतिक विज्ञानी जे. रॉबर्ट ओपेनहाइमर के जीवन की झलकियों को दिखाने का दावा करती है। इस वैज्ञानिक को मैनहट्टन परियोजना के हिस्से के रूप में पहला परमाणु हथियार विकसित करने का श्रेय दिया जाता है।












Click it and Unblock the Notifications