सलमान खान की सुरक्षा को लेकर नया खुलासा, लॉरेंस बिश्नोई की धमकी के बाद मुंबई पुलिस ने अब उठाया ये कदम
Salman Khan Security Review: बॉलीवुड के भाईजान यानी सलमान खान इस समय लोगों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की एक और धमकी के बाद मुंबई पुलिस ने गत 28 नवंबर 2023 (मंगलवार) को सलमान खान को दी गई सुरक्षा की समीक्षा की है। साथ ही सलमान खान और उनके परिवार को और ज्यादा सतर्क रहने के लिए भी कहा गया है। आपको बता दें कि इससे पहले गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से मिली धमकी के बाद से ही भाईजान को मुंबई पुलिस द्वारा वाई-प्लस सुरक्षा दी जा रही है।
फेसबुक पोस्ट में सलमान खान को दी गई धमकी
गत 26 नवंबर 2023 को लॉरेंस बिश्नोई ने एक फेसबुक पोस्ट में पंजाबी एक्टर, प्रोड्यूसर और सिंगर गिप्पी ग्रेवाल के कनाडा स्थित घर के बाहर हुई गोलीबारी की जिम्मेदारी ली थी। इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के अनुसार फेसबुक अकाउंट का ओरिजन भारत के बाहर का था। फेसबुक पोस्ट में लिखा गया था- तुम सलमान खान को भाई मानते हो, लेकिन अब समय आ गया है कि आपका 'भाई' आए और आपको बचाए। ये मैसेज सलमान खान के लिए भी है। इस भ्रम में न रहें कि दाऊद बचाएगा तुम्हे। तुम्हे कोई नहीं बचा सकता सलमान।

'मौत के लिए वीजा की जरूरत नहीं होती'
लॉरेंस बिश्नोई ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा था- सिद्धू मूसेवाला की मौत पर तुम्हारे ड्रॉमैटिक रिएक्शन पर किसी का ध्यान नहीं गया। हम सभी जानते हैं कि वह किस तरह का व्यक्ति था और उसके आपराधिक संबंध कैसे थे। तुम अब हमारे रडार पर आ गए हो। इसे फिल्म का एक ट्रेलर समझो। पूरी फिल्म जल्द ही रिलीज होगी। जिस देश में चाहो भाग जाओ, लेकिन याद रखो, मौत के लिए वीजा की जरूरत नहीं होती। यह बिन बुलाए आती है।
गिप्पी ग्रेवाल ने कहा- सलमान से नहीं है मेरी दोस्ती
वहीं इस घटना के बाद गिप्पी ग्रेवाल ने कहा है कि उनकी सलमान खान से कोई दोस्ती नहीं है। ऐसे में सलमान खान का गुस्सा उन पर कैसे निकाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी सलमान खान से मुलाकात पंजाबी फिल्म मौजां ही मौजां के ट्रेलर लॉन्च के दौरान हुई थी क्योंकि फिल्म मेकर्स ने उन्हें वहां इनवाइट किया था और उससे पहले उनकी सलमान से मुलाकात बिग बॉस के सेट पर हुई थी।
मार्च 2023 में सलमान खान को मिली थी धमकी
आपको बता दें कि इससे पहले मार्च 2023 में सलमान खान को बिश्नोई गैंग के सदस्य द्वारा भेजा गया धमकी भरा मेल मिला था। इसे लेकर मुंबई पुलिस ने सलमान खान के घर के बाहर उनकी सुरक्षा बढ़ा दी थी और साथ ही मामला भी दर्ज किया था। सलमान खान की सिक्योरिटी को लेकर अब फिर से रिव्यू किया जा रहा है। हो सकता है कि सलमान खान की सुरक्षा और ज्यादा बढ़ा दी जाए।












Click it and Unblock the Notifications