90s का टॉप शो था शक्तिमान, फिर क्यों अचानक कर दिया बंद? मुकेश खन्ना ने बताया किसकी थी साजिश!
Shaktimaan: 90 के दशक में बच्चों का सबसे पसंदीदा शो शक्तिमान दूरदर्शन पर ही टेलीकास्ट होता था। हर रविवार को सभी बच्चे अपना टीवी खोलकर बैठ जाते थे। ये बच्चो के लिए केवल शो ही नहीं था बल्कि उनके बचपन की मीठी यादों का भी हिस्सा है। लेकिन एक वक्त ऐसा आया जब शो अचानक बंद हो गया।
शक्तिमान बन मुकेश खन्ना ने फैंस का खूब दिल जीता था। यही वजह है कि ये सबसे लोकप्रिय शो बन गया था। लेकिन लंबे समय बाद ये शो अचानक बंद हो गया था। ये देख फैंस काफी हैरान थे। लोगों को समझ नहीं आ रहा था कि सबसे ज्यादा टीआरपी मिलने वाले इस शो को क्यों अचानक बंद कर दिया गया।

अब मुकेश खन्ना ने खुद अपने यूट्यूब चैनल पर इस बात का खुलासा किया था। एक्टर ने बताया था कि शो को मिल रही टीआरपी की वजह से दूरदर्शन के मालिक बार-बार शो का समय बदल रहे थे। इसके अलावा वह दूरदर्शन के मालिक ने बाद में किराया काफी ज्यादा बढ़ा दिया था जिसकी वजह से उन्हें काफी नुकसान हो रहा था।
मुकेश खन्ना ने कहा कि, 'मैंने यह शो बच्चों के लिए विशेष रूप से तैयार किया था, और उसका उद्देश्य ही यह था कि बच्चे इसे देखें। शनिवार को बच्चे स्कूल में होते हैं, और स्कूल वीक के दौरान वे जल्दी सो जाते हैं। ऐसे में मैंने सोचा कि शो का प्रसारण रविवार को दोपहर 12 बजे किया जाए, क्योंकि उस समय बच्चे घर पर होते हैं और आराम से शो देख सकते हैं। पहले इस ही समय पर मेरा शो प्रसारित होता था, लेकिन जैसे-जैसे शो की लोकप्रियता बढ़ी, दूरदर्शन के मालिक ने स्लॉट का किराया बढ़ा दिया, और 7 लाख रुपये की मांग की।"
मुकेश खन्ना ने कहा कि, 'पहले ये राशि 3 लाख रुपये थी लेकिन लोकप्रियता की वजह से दूरदर्शन के मालिक बार-बार किराया बढ़ाए जा रहे थे। हालांकि मैंने वह राशि भी दे दी, लेकिन कुछ समय बाद उन्होंने 10 लाख रुपये की मांग कर दी, जो मेरे लिए संभव नहीं था। इस कारण, मुझे यह शो बंद करना पड़ा।'
मुकेश खन्ना ने ये भी बताया था कि ये शो शुरू करने के लिए उन्होंने फाइनेंस की कई लोगों से मदद मांगी थी। जिसके बाद उन्होंने दोस्तों से उधार लेकर इस शो को शुरू किया। बता दें कि, शक्तिमान साल 1997 में शुरू हुआ था और ये साल 2005 तक चला। अब 19 साल बाद शक्तिमान का टीजर रिलीज हो गया है। हालांकि मुकेश खन्ना ने ऐलान नहीं किया कि इस बार शक्तिमान का रोल कौन करेगा।
ये भी पढ़ें: Shaktimaan: सालों बाद स्क्रीन पर लौट रहा है 'शक्तिमान', मुकेश खन्ना ने किया ऐलान, खुशी से झूम उठे फैंस












Click it and Unblock the Notifications