नहीं रहे मुनमुन सेन के पति भारत देव वर्मा, 83 की उम्र में ली अंतिम सांस, ममता बनर्जी बोलीं-'बड़ी क्षति है'
Moonmoon Sen Husband Death: बंगाली एक्ट्रेस मुन मुन सेन के पति भरत देव वर्मा का मंगलवार को कोलकाता में उनके घर पर निधन हो गया। 83 साल की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उनकी लंबे समय से तबीयत ठीक नहीं चल रही थी।
जानकारी के मुताबिक, भरत देव वर्मा की अचानक तबीयत बिगड़ गई जिसके बाद आनन-फानन में घर में एंबुलेंस बुलाई गई। लेकिन, एंबुलेंस के अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनका निधन हो गया। भरत देव वर्मा, त्रिपुरा के पूर्व शाही परिवार के वंशज थे। उनकी मां, इला देवी, कूचबिहार की राजकुमारी थीं और जयपुर की महारानी गायत्री देवी की बहन थीं।

मुन मुन सेन और भरत देव वर्मा ने 1978 में शादी की थी। मून मून सेन खुद भी रॉयल परिवार से जुड़ी हुई थीं। वह कोलकाता में मशहूर बंगाली अभिनेत्री सुचित्रा सेन और दिबानाथ सेन की बेटी हैं। उनके पिता, बालीगुंज प्लेस के निवासी, कोलकाता के सबसे अमीर व्यापारियों में से एक अदीनाथ सेन के बेटे थे। उनके परदादा, दीनानाथ सेन, त्रिपुरा के महाराजा के दीवान या मंत्री थे।
मुन मुन सेन ने शादी और मां बनने के बाद फिल्मों में कदम रखा था। उन्होंने 1984 में फिल्म अंदर बाहर से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने 100 डेज, जख्मी दिल, सिरिवेनेला, माई कर्मा जैसी फिल्मों में अभिनय किया। मुन मुन सेन ने कुल 60 फिल्मों और 40 टीवी सीरीज में काम किया और आंध्र प्रदेश राज्य का नंदी अवार्ड भी जीता था।
उनकी दोनों बेटियां, राइमा सेन और रिया सेन भी बॉलीवुड और बंगाली फिल्मों में काम कर चुकी हैं। राइमा ने निल निर्जन, आरेक्ति प्रेमेर गोलपो, बैसरे शरबोन, मनोरोमा सिक्स फीट अंडर, हनीमून ट्रैवल्स प्राइवेट लिमिटेड जैसी फिल्मों में काम किया। वहीं, रिया ने गुड लक, स्टाइल, अपना सपना मनी मनी, पेइंग गेस्ट्स, तेरे मेरे फेरे जैसी फिल्मों में अभिनय किया। हाल ही में रिया को कॉल मी बै नामक वेब सीरीज़ में देखा गया था, जिसमें अनन्या पांडे ने मुख्य भूमिका निभाई थी।
मुन मुन सेन के पति भरत देव वर्मा के निधन के बाद उनका परिवार टूट गया है। वहीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस मुश्किल वक्त में एक्ट्रेस के घर पहुंची। उन्होंने ANI से बात कर शोक जताया और कहा कि, 'मुनमुन जल्द ही यहां पहुंच जाएंगी। भारत देव बर्मन बहुत अच्छे इंसान थे, उनकी उम्र इतनी नहीं थी। यह बहुत बड़ी क्षति है।'












Click it and Unblock the Notifications