Marvel फैन्स के लिए बुरी खबर, 'थंडरबोल्ट रॉस' ने दुनिया को कहा अलविदा
वाशिंगटन, 14 मार्च: बॉलीवुड के लिए साल 2022 भी अभी तक काफी बुरा रहा, जहां लता मंगेशकर, बप्पी लहरी समेत कई बड़ी हस्तियों का निधन हुआ। हॉलीवुड से भी लगातार दुखभरी खबरें सामने आ रही हैं। रविवार को एक और बड़े अभिनेता विलियम हर्ट का निधन हो गया। उनके निधन की पुष्टि मीडिया के सामने आकर बेटे विल ने की। इसके बाद से ही विलियम के फैन्स काफी दुखी हैं।

बेटे ने कही ये बात
विल ने अपने बयान में कहा कि बहुत दुख के साथ हर्ट परिवार आप सभी को सूचित कर रहा है कि हमारे प्यारे पिता, ऑस्कर विजेता विलियम हर्ट का 13 मार्च को निधन हो गया। वो अभी 71 साल के थे, एक हफ्ते बाद उनका 72वां जन्मदिन था, लेकिन उन्होंने उससे पहले ही दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके निधन से पूरा परिवार दुखी है और सभी से अपील की जाती है कि वो हमारी प्राइवेसी का ध्यान रखें।

मार्वल की फिल्मों में किया काम
आपको बता दें कि विलियम ने 1980 में अपने फिल्मी सफर की शुरुआत की थी, उस दौरान उन्होंने साइंस फिक्शन थ्रिलर ऑल्टर्ड स्टेट्स में एक वैज्ञानिक की भूमिका निभाई थी। इस फिल्म के लिए उनको न्यू स्टार ऑफ द ईयर का गोल्डन ग्लोब नॉमिनेशन मिला था। इसके बाद वो कई बड़ी फिल्मों में नजर आए। उन्होंने मार्वल स्टूडियो की फिल्मों- हल्क, सिविल वार, एवेंजर्स (दोनों पार्ट), ब्लैक विडो में भी अहम भूमिका निभाई थी।

जनवरी में हुआ था एक और एक्टर का निधन
आपको बता दें कि जनवरी में मार्वल के एक्टर गैस्पर्ड उलील का निधन हो गया था। वो महज 37 साल के थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वो फ्रांस में स्कीइंग कर रहे थे। उसी दौरान एक हादसा हुआ और उनका निधन हो गया। मार्वल्स की आने वाली सीरिज 'मून नाइट' में उन्होंने अहम किरदार निभाया है।












Click it and Unblock the Notifications