'कलम निर्धन नहीं रही', शैलेश लोढ़ा ने राजकुमारी की तरह किया बेटी को विदा, मनोज मुंतशिर के पोस्ट ने बढ़ाई चर्चा
Manoj Muntashir on Shailesh Lodha Daughter Wedding: टीवी के सबसे लोकप्रिय शो में शामिल 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' से लाखों दिलों में जगह बनाने वाले एक्टर और कवि शैलेश लोढ़ा इन दिनों चर्चा में हैं। वजह कोई नया शो या कविता नहीं बल्कि उनकी बेटी स्वरा लोढ़ा की शाही शादी है। 6 जुलाई 2026 को स्वरा ने शाश्वत के साथ सात फेरे लिए और यह शादी किसी फिल्मी रॉयल वेडिंग से कम नहीं दिखी। जोधपुर के ऐतिहासिक उम्मेद भवन पैलेस में तीन दिन तक चले इस भव्य समारोह की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रहे हैं। इसी बीच शादी में हुए करोड़ों रुपये के खर्च को लेकर मनोज मुंतशिर की एक पोस्ट ने चर्चा बढ़ा दी है।
शैलेश लोढ़ा के करीबी दोस्त और मशहूर गीतकार मनोज मुंतशिर ने सोशल मीडिया पर स्वरा की शादी की तस्वीरें शेयर करते हुए कुछ ऐसा लिखा कि शादी के खर्च को लेकर चर्चा और तेज हो गई। उन्होंने लिखा कि यह सिर्फ एक शादी नहीं बल्कि इस बात का संदेश है कि अब "कलम निर्धन नहीं रही।" मनोज ने कहा कि कवि शैलेश लोढ़ा की बेटी की विदाई इतनी शानो-शौकत से हुई कि राजमहलों की दीवारें भी जैसे इस पल की गवाह बन गईं। उनकी यह भावुक पोस्ट कुछ ही समय में सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और हजारों लोगों ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

मनोज मुंतशिर ने लिखा, "ये सिर्फ़ एक शादी नहीं थी, एक स्टेटमेंट था कि क़लम निर्धन नहीं रही। हमारी बिटिया 'स्वरा' की डोली ऐसी शानो-शौक़त से उठी कि राजमहलों की प्राचीरें देखती रह गईं। शैलेश लोढ़ा जी एक प्रख्यात कवि हैं, ये कोई न्यूज़ नहीं है, लेकिन कवि की बेटी राजकुमारियों की तरह ब्याही गई, ये न्यूज़ है। बधाई हो कवि-कुल"
ये भी पढ़ें: अर्जुन कपूर की बहन Anshula Kapoor की हुई शादी, दूल्हे राजा रोहन ठक्कर के साथ वेडिंग फोटोज ने जीता लोगों का दिल
मुंबई से जोधपुर तक शाही शादी का जश्न
स्वरा और शाश्वत की शादी सिर्फ एक दिन का कार्यक्रम नहीं थी, बल्कि कई दिनों तक चलने वाला ग्रैंड सेलिब्रेशन था। इसकी पहली झलक मुंबई के ताज लैंड्स एंड होटल में देखने को मिली, जहां परिवार और करीबी दोस्तों के बीच निजी समारोह रखा गया। इसके बाद सभी मेहमान जोधपुर पहुंचे और उम्मेद भवन पैलेस तीन दिनों तक शादी के रंग में रंगा नजर आया। संगीत की महफिल से लेकर हल्दी, मेहंदी और सात फेरों तक हर रस्म को बेहद भव्य तरीके से निभाया गया। राजस्थानी शाही मेहमाननवाजी और शानदार सजावट ने पूरे समारोह को किसी फिल्मी रॉयल वेडिंग जैसा बना दिया। दिलचस्प बात यह भी है कि इसी पैलेस में प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस ने भी शादी रचाई थी।
इस शादी में सिर्फ परिवार ही नहीं, बल्कि राजनीति और मनोरंजन जगत की कई चर्चित हस्तियां भी शामिल हुईं। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया। वहीं बॉलीवुड अभिनेता विक्की कौशल समेत कई खास मेहमानों ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ भी इस शादी में शिरकत करने पहुंचे। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों में भव्य सजावट, पारंपरिक राजस्थानी अंदाज और मेहमानों का शानदार स्वागत लोगों का ध्यान खींच रहा है।
उम्मेद भवन का कितना होता है किराया
उम्मेद भवन पैलेस का नाम देश के सबसे लग्जरी वेडिंग वेन्यू में लिया जाता है। यही वजह है कि यहां शादी करना हर किसी के लिए संभव नहीं होता। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यहां एक डीलक्स रूम का किराया करीब 42,600 रुपये प्रति रात से शुरू होता है। अगर कोई महारानी सुइट में ठहरना चाहे तो एक रात के लिए करीब 8 लाख रुपये या उससे ज्यादा खर्च करने पड़ सकते हैं। कमरे की कैटेगरी के साथ कीमत भी बढ़ती जाती है। शादी जितनी भव्य थी, उतनी ही चर्चा उसके संभावित बजट की भी हो रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, करीब 200 मेहमानों के ठहरने की व्यवस्था पर ही 60 से 70 लाख रुपये तक खर्च हो सकते हैं। वहीं खाने-पीने का खर्च 16 से 22 लाख रुपये तक पहुंचने का अनुमान है।
इसके अलावा फूलों की सजावट, मंडप, लाइटिंग, साउंड, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, मेहंदी, मेकअप, लोक कलाकारों के कार्यक्रम, सिक्योरिटी और मेहमानों के ट्रांसपोर्ट जैसी व्यवस्थाओं पर भी अच्छी-खासी रकम खर्च होती है। इन सभी खर्चों को मिलाकर उम्मेद भवन पैलेस में होने वाली एक शाही शादी का बजट 3 से 5 करोड़ रुपये या उससे भी ज्यादा पहुंच सकता है। यही वजह है कि सोशल मीडिया पर यह चर्चा तेज है कि शैलेश लोढ़ा ने अपनी बेटी स्वरा की शादी पर करीब 3.5 करोड़ रुपये खर्च किए। हालांकि, इस रकम की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और परिवार की ओर से भी इस पर कोई बयान सामने नहीं आया है।
ये भी पढ़ें: कितने करोड़ में हुई 'तारक मेहता' Shailesh Lodha की इकलौती बेटी स्वरा की शादी? खर्च जान पकड़ लेंगे माथा












Click it and Unblock the Notifications