Kuku Kohli Death: कुकू कोहली की हुई मौत, फिल्ममेकर के परिवार में कौन-कौन, अरुणा ईरानी बनीं दूसरी पत्नी

Kuku Kohli Death: हिंदी सिनेमा के जाने-माने फिल्ममेकर कुकू कोहली का 77 साल की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने 1991 में रिलीज हुई फिल्म फूल और कांटे से अजय देवगन को बतौर लीड एक्टर बॉलीवुड में लॉन्च किया था। कुकू कोहली को कार्डियक अरेस्ट आया था, जिसके बाद उनका निधन हो गया। उनकी पत्नी और दिग्गज एक्ट्रेस अरुणा ईरानी के प्रवक्ता ने उनके निधन की पुष्टि की है।

कुकू कोहली की मौत से इंडस्ट्री में पसरा मातम
अरुणा ईरानी खुद इस वक्त बात करने की स्थिति में नहीं थीं इसलिए उनके प्रवक्ता ने कुकू कोहली के निधन से जुड़ी जानकारी लोगों के साथ शेयर की है। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है।

Kuku Kohli Death

सोमवार रात बिगड़ी थी कुकू कोहली की तबीयत

प्रवक्ता के मुताबिक सोमवार रात यानी 24 अगस्त 2026 को कुकू कोहली ने बेचैनी महसूस होने की शिकायत की थी। इसके बाद उन्हें हल्का हार्ट अटैक आया और उसी रात उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में उनकी एंजियोप्लास्टी की गई। प्रक्रिया के बाद उनकी हालत सामान्य बताई जा रही थी और ऐसा लग रहा था कि खतरा टल गया है।

पत्नी अरुणा ईरानी से फोन पर कर रहे थे बात

-वहीं गत 25 अगस्त 2026 (मंगलवार) शाम करीब 5:15 बजे अचानक कुकू कोहली को गंभीर कार्डियक अरेस्ट आया। बताया गया कि उस वक्त अरुणा ईरानी उनसे फोन पर बातचीत कर रही थीं और मैसेज के जरिए भी संपर्क में थीं। दोनों उस समय सामान्य और मजाकिया अंदाज में बात कर रहे थे।

-कुकू कोहली ने बातचीत के दौरान अरुणा ईरानी से कहा था कि वह ज्यादा तनाव न लें और बहुत ज्यादा काम न करें। लेकिन इसके कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उन्होंने धीरे-धीरे प्रतिक्रिया देना बंद कर दिया। इसके बाद उनकी हालत गंभीर हो गई और उन्हें बचाया नहीं जा सका। जानकारी के अनुसार कुकू कोहली और अरुणा ईरानी ने साल 1990 में शादी की थी। इस शादी से उनकी कोई संतान नहीं थी।

कौन थे कुकू कोहली?

-कुकू कोहली का असली नाम अवतार कोहली था। उनका जन्म 4 जून 1949 को पेशावर में हुआ था। उन्होंने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में बतौर डायरेक्टर, राइटर, एडिटर और स्क्रीनराइटर काम किया था। तीन दशक से ज्यादा लंबे करियर में उन्होंने कई चर्चित फिल्मों का हिस्सा बनकर अपनी अलग पहचान बनाई।

-फिल्मी सफर के शुरुआती दौर में कुकू कोहली ने दिग्गज फिल्ममेकर राज कपूर के साथ काम किया था। उन्होंने बॉबी, प्रेम रोग और सत्यम शिवम सुंदरम जैसी फिल्मों में राज कपूर की मदद की थी। इस दौरान उन्होंने फिल्म निर्माण की बारीकियां सीखीं और निर्देशन के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए अनुभव हासिल किया।

'फूल और कांटे' से अजय देवगन को किया था लॉन्च

-कुकू कोहली के करियर की सबसे खास फिल्मों में 'फूल और कांटे' का नाम सबसे ऊपर आता है। साल 1991 में रिलीज हुई इस फिल्म से अजय देवगन ने बतौर लीड एक्टर बॉलीवुड में कदम रखा था। फिल्म में अजय देवगन के साथ मधु, अमरीश पुरी, अरुणा ईरानी और जगदीप जैसे कलाकार नजर आए थे।

-'फूल और कांटे' बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफल रही और अजय देवगन की पहली ही फिल्म ने उन्हें इंडस्ट्री में मजबूत पहचान दिला दी। फिल्म की सफलता के साथ कुकू कोहली का नाम भी बड़े निर्देशकों में शामिल हो गया।

कुकू कोहली की दूसरी पत्नी थीं अरुणा ईरानी

कुकू कोहली ने साल 1990 में हिंदी फिल्मों की मशहूर एक्ट्रेस अरुणा ईरानी से शादी की थी। दोनों की अपनी कोई संतान नहीं थी। अरुणा ईरानी से पहले कुकू कोहली की शादी रीटा कोहली से हुई थी। पहली पत्नी से उनके दो बच्चे पूजा और करिश्मा हैं। वहीं कुकू कोहली के निधन से उनका परिवार बुरी तरह से टूट गया है।

कुकू कोहली ने इन फिल्मों का किया निर्देशन

-कुकू कोहली ने अपने करियर में कई फिल्मों का निर्देशन किया। 'फूल और कांटे', 'कोहराम' और 'सुहाग' के अलावा उन्होंने 'हकीकत', 'जुल्मी', 'अनाड़ी नंबर 1' और 'ये दिल आशिकाना' जैसी फिल्मों का निर्देशन किया था। उनकी आखिरी फिल्म 'वो तेरा नाम था' थी, जो साल 2004 में रिलीज हुई थी। भले ही उन्होंने लंबे समय से किसी फिल्म का निर्देशन नहीं किया था लेकिन अजय देवगन जैसे बड़े स्टार को लॉन्च करने और 90 के दशक की कई चर्चित फिल्मों के निर्देशन के लिए कुकू कोहली को हमेशा याद किया जाएगा।

-कुकू कोहली की बेटियां भी फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी रही हैं। उनके निधन के साथ ही हिंदी सिनेमा के उस दौर के एक ऐसे फिल्ममेकर का सफर खत्म हो गया, जिन्होंने 90 के दशक के कमर्शियल सिनेमा को कई लोकप्रिय फिल्मों के जरिए अपनी पहचान दी। अजय देवगन जैसे सुपरस्टार के करियर की शुरुआत में कुकू कोहली की भूमिका हमेशा याद की जाएगी।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+