KBC 14: 21 साल और 10 महीने के इंतजार के बाद कविता चावला का पूरा हुआ ख्वाब, जानिए कैसे?
नई दिल्ली, 19 सितंबर। 7 अगस्त से शुरू हुए सोनी टीवी के लोकप्रिय शो 'कौन बनेगा करोड़पति' के 14वें सीजन को अपना पहला करोड़पति मिल गया है। एक करोड़ की धनराशि को अपने नाम करने वाली महिला का नाम है कविता चावला। 45 साल की इस महिला ने अपने ज्ञान के दम पर ये मुकाम हासिल किया है। कल तक एक आम जीवन जीने वाली महिला आज खास हो गई हैं और आज पूरे हिंदुस्तान को उनका नाम पता चल गया है।

'बचपन से ही पढ़ाई से प्रेम था लेकिन...'
बीबीसी से बात करते हुए कविता चावला ने कहा कि 'उन्हें बचपन से ही पढ़ाई से प्रेम था लेकिन वो जिस जगह से आती हैं, वहां पर महिलाओं को दसवीं तक पढ़ा ले, वो ही बहुत है लेकिन उनकी जिद के चलते उनके घरवालों ने उनको 12वीं तक पढ़ने की इजाजत दे दी।' वो अपने चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी हैं।

'किताबों से दोस्ती कर ली, जिसका नतीजा आज निकला'
घर की आर्थिक स्थिति बहुत अच्छी नहीं थी इसलिए उनकी मां सिलाई का काम करती थीं, अपनी मां के काम में हाथ बंटाने के लिए वो भी सिलाई का काम किया करती थीं। फिर उनकी शादी हो गई और वो घर के कामों में व्यस्त हो गईं लेकिन उन्होंने पढ़ना नहीं छोड़ा और वो अपने बेटे को पढ़ाने के चक्कर में खुद भी पढ़ने लगीं। बेशक वो कॉलेज नहीं गईं लेकिन उन्होंने किताबों से दोस्ती कर ली, जिसका नतीजा आज निकला है।

21 साल और 10 महीने का इंतजार खत्म हुआ
कविता चावला ने कहा कि 'वो बचपन से केबीसी देखते आई हैं और उनका सपना था कि वो एक दिन हॉट सीट पर बैठें और सदी के महानायक अमिताभ बच्चन से बातें करें और 21 साल और 10 महीने के इंतजार के बाद उनका ये सपना पूरा हुआ है।'
फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट तक तो पहुंची थीं लेकिन...
साथ ही उन्होंने एक खास बात भी बताई और वो ये कि 'वो पिछली बार फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट तक तो पहुंची थीं लेकिन हॉट सीट तक नहीं आ पाईं थीं।'

'एक गृहणी को कमतर आंकना सबसे गलत है'
उन्होंने कहा कि 'एक गृहणी को कमतर आंकना सबसे गलत है, जो लोग ऐसा सोचते हैं वो गलत सोचते हैं। एक हाउसवाइफ ही घर को संवारती है, उसका काम बहुत ज्यादा टफ है। मुझे गर्व है कि मैं एक हाउसवाइफ हूं।' इसके साथ ही उन्होंने शो के होस्ट अमिताभ बच्चन की दिलखोलकर तारीफ की और कहा कि 'उनसे मिलना मेरे जीवन के ना भूलने वाले पलों में से एक है।'
'मेरे रिश्तेदारों को टीवी शो के जरिए ही पता चले'
अपनी जीती रकम के बारे में कविता ने कहा कि 'उन्होंने केवल अभी तक अपने पति और बेटे को इस बारे में बताया है। मैं चाहती हूं कि इस बारे में मेरे रिश्तेदारों को टीवी शो के जरिए ही पता चले। वो जीती हुई धनराशि से अब इंडिया घूमना चाहती हैं, वो मेघालय जाने की इच्छा रखती हैं, वो चेरी ब्लॉसम त्योहार का लुत्फ उठाना चाहती हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वो इस पैसे का कुछ हिस्सा अपने बेटे की पढ़ाई में खर्च करेंगी।'












Click it and Unblock the Notifications